राजस्थान पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 100 निरीक्षकों के तबादले

0
34

जयपुर। राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने मंगलवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्यभर के 100 पुलिस निरीक्षकों (इंस्पेक्टर) के तबादला आदेश जारी किए हैं। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कार्मिक) बीजू जॉर्ज जोसफ की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी स्थानांतरण संबंधित अधिकारियों की स्वयं की प्रार्थना के आधार पर तत्काल प्रभाव से किए गए हैं।

जारी आदेश के मुताबिक तबादला किए गए निरीक्षकों को पुलिस आयुक्तालय जयपुर, पुलिस आयुक्तालय जोधपुर, विभिन्न पुलिस रेंज, सीआईडी-सीबी, एटीएस-एसओजी, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), जीआरपी, पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों तथा पुलिस मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

तबादला सूची में अजमेर रेंज, भरतपुर रेंज, जयपुर रेंज, जोधपुर रेंज, उदयपुर रेंज, कोटा रेंज, पुलिस आयुक्तालय जयपुर, पुलिस आयुक्तालय जोधपुर तथा सीआईडी-सीबी में सबसे अधिक निरीक्षकों की नियुक्ति की गई है। इसे पुलिस प्रशासन में कार्य व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की कवायद माना जा रहा है।

पुलिस मुख्यालय ने आदेश में स्पष्ट किया है कि जिन निरीक्षकों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के प्रकरण लंबित हैं अथवा राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम-16 (सीसीए रूल-16) के तहत कार्रवाई विचाराधीन या प्रस्तावित है, उन्हें किसी भी स्थिति में फील्ड पोस्टिंग नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों की सूचना संबंधित नियंत्रण अधिकारियों को तत्काल पुलिस मुख्यालय भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।

आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि 19 जून को जारी स्थानांतरण आदेश के तहत सतपाल सिंह का अजमेर रेंज से पुलिस आयुक्तालय जयपुर किया गया तबादला निरस्त कर दिया गया है।

पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित नियंत्रण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्थानांतरित निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर उनकी नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here