सरकारी जमीन पर बनी चार अवैध दुकानों पर चला जेडीए का बुलडोजर

0
14

जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की प्रवर्तन शाखा ने शुक्रवार को अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जोन-10 क्षेत्र के जयसिंहपुरा खोर में सरकारी भूमि पर बनाई गई चार अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान करीब 40 लाख रुपए मूल्य की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

जेडीए के उप महानिरीक्षक पुलिस आनंद शर्मा ने बताया कि जयसिंहपुरा खोर में सरकारी भूमि पर व्यावसायिक प्रयोजन के लिए 10×15 फीट आकार की चार अवैध दुकानों का निर्माण किए जाने की सूचना मिली थी। इस पर शुक्रवार, 27 नवंबर को जोन-10 के राजस्व एवं तकनीकी कर्मचारियों की निशानदेही पर प्रवर्तन दस्ते ने कार्रवाई की।

प्रवर्तन दस्ते ने जेसीबी मशीन और मजदूरों की सहायता से चारों दुकानों को पूरी तरह ध्वस्त कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाया। यह कार्रवाई मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन प्रथम एवं द्वितीय के पर्यवेक्षण में उप नियंत्रक प्रवर्तन तृतीय और प्रवर्तन अधिकारी जोन-10 के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में जेडीए का उपलब्ध पुलिस जाप्ता, लेबर गार्ड तथा जोन का राजस्व एवं तकनीकी स्टाफ शामिल रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here