झगड़े से परेशान युवक मां-बहन की हत्या कर फांसी के फंदे पर झूला

0
13

जयपुर। राजधानी जयपुर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत का मामला सामने आया है। यहां 27 वर्षीय युवक ने मां और बहन की हत्या करने के बाद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान सरोज तिवारी (50), उनके बेटे लकी (27) और बेटी शिवांगी (25) के रूप में हुई है। तीनों के शव शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे घर में मिले। प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि परिवार के तीनों सदस्य ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से जुड़े लक्षणों से प्रभावित थे।

पुलिस को घटनास्थल पर मिले कागज और युवक के मोबाइल फोन में मिले नोट से घटना के कारणों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) बजरंग सिंह शेखावत के अनुसार शुक्रवार सुबह सरोज तिवारी के पिता दीप तिवारी ने पड़ोसियों को फोन कर बताया कि परिवार के सदस्य फोन नहीं उठा रहे हैं। उन्होंने पड़ोसियों से घर जाकर जानकारी लेने का आग्रह किया। इसके बाद पड़ोसी घर पहुंचे तो तीनों के शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर भट्टा बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना गुरुवार 26 नवंबर की बताई जा रही है।

पुलिस जांच के अनुसार गुरुवार को मां और बहन के बीच झगड़ा हो रहा था। लकी ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन विवाद नहीं रुका। पुलिस को मिले युवक के नोट में उल्लेख है कि मां और बहन के बीच झगड़े और मारपीट से परेशान होकर उसने दोनों की हत्या कर दी और इसके बाद खुद आत्महत्या कर ली।

मोबाइल में मिला सुसाइड नोट, बीमारी का भी किया उल्लेख

घटनास्थल पर युवक के शव वाले कमरे के पास दीवार पर एक कागज चिपका मिला था। उस पर लिखा था कि उसका सुसाइड नोट मोबाइल फोन में है। कागज पर मोबाइल का पिन भी लिखा हुआ था। पुलिस ने मोबाइल की जांच की तो उसमें घटना के कारणों का उल्लेख मिला। नोट में युवक ने लिखा कि परिवार के तीनों सदस्य ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर नामक न्यूरो-विकास संबंधी स्थिति से प्रभावित थे। उसने यह भी उल्लेख किया कि कुछ साल पहले परिवार की जांच कराई गई थी, जिसमें इस तरह के लक्षण सामने आए थे।

पिता ने भी 26 साल पहले की थी आत्महत्या

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि परिवार में पहले भी आत्महत्या की घटना हो चुकी है। युवक के पिता ने करीब 26 साल पहले आत्महत्या कर ली थी। परिवार के सदस्य ज्यादातर घर में ही रहते थे। लकी ऑनलाइन काम करता था और उसका भी घर से बाहर आना-जाना कम था। घटना के बाद कॉलोनी में सनसनी फैल गई।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की जानकारी मिलने पर डीसीपी उत्तर करण शर्मा और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त डॉ. रामेश्वर सिंह भी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अलग-अलग कमरों से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। सरोज तिवारी के पिता दिल्ली में रहते हैं। उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। उनके जयपुर पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौतों से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here