स्वामी रामानंद सेवा संस्थान का पांच दिवसीय कार्तिक महोत्सव संपन्न

0
19
Five-day Kartik Mahotsav organized by Swami Ramanand Seva Sansthan concludes
Five-day Kartik Mahotsav organized by Swami Ramanand Seva Sansthan concludes

जयपुर। भगवान श्रीराम की पावन जन्मभूमि अयोध्या धाम में कार्तिक मास के पुनीत अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय आध्यात्मिक एवं सेवा महोत्सव का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। स्वामी रामानंद सेवा संस्थान के तत्वावधान में तथा दर्शन भवन, जानकी घाट (अयोध्या धाम) के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में भक्ति, सेवा और सनातन संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला।

आयोजन में जयपुर सहित संपूर्ण राजस्थान और देश के विभिन्न कोनों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन समारोह में संत-महंतों का पारंपरिक रूप से अभिनंदन किया गया तथा सभी तीर्थयात्रियों को तिलक लगाकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

संस्थान के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राजस्थान प्रभारी चंद्र महेश झालानी ने महोत्सव की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कार्तिक मास के इस विशेष आयोजन को लेकर जयपुर से अयोध्या पहुंचे श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। महोत्सव के दौरान भक्तों ने रामलला के विशेष दर्शन कर देश और प्रदेश की खुशहाली का आशीर्वाद प्राप्त किया।

दर्शन भवन, जानकी घाट की मुख्य संरक्षक एवं पीठाधीश्वर महंत डॉ. ममता शास्त्री ने बताया कि यह संपूर्ण आयोजन जगद्गुरु स्वामी रामानंदाचार्य महाराज की असीम अनुकम्पा और पूर्व सांसद साकेतवासी विश्वनाथदास शास्त्री महाराज की पावन प्रेरणा से निर्विघ्न संपन्न हुआ। महोत्सव में संरक्षक दीनबंधुदास महाराज, विप्रदास महाराज एवं अभय कुमार सहित अयोध्या के अनेक प्रतिष्ठित संत-महंतों का पावन सान्निध्य श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ, जिनका संस्थान की ओर से शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।

देव दीपावली पर दीपदान से जगमगा उठा सरयू तट

महोत्सव का सबसे मुख्य आकर्षण कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली का पावन पर्व रहा। इस अवसर पर दर्शन भवन, जानकी घाट परिसर को हजारों मिट्टी के दीपकों से दुल्हन की तरह सजाया गया। संध्या वेला में जब एक साथ हजारों दीपक प्रज्ज्वलित हुए, तो संपूर्ण घाट परिसर अलौकिक आभा से जगमगा उठा। श्रद्धालुओं ने पवित्र सरयू नदी की भव्य महाआरती में हिस्सा लिया और दीपदान कर अपने परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।

वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन की स्वरलहरियों से पूरी अयोध्या नगरी भक्तिरस में डूबी नजर आई। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ स्वामी रामानंद सेवा संस्थान ने मानव सेवा का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। अयोध्या की प्रसिद्ध 14 कोसी एवं पंचकोसी परिक्रमा करने वाले हजारों पदयात्रियों की सुविधा के लिए संस्थान की ओर से परिक्रमा मार्ग पर निशुल्क चिकित्सा शिविर और विश्रामालयों का संचालन किया गया।

डॉक्टरों की टीम ने परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं को निशुल्क दवाइयां और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया, वहीं विश्रामालयों में भोजन, पेयजल और ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई। संस्थान के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दिन-रात एक कर सेवा, सत्कार और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी बखूबी निभाई।

सेवा और आध्यात्मिकता ही संस्थान का मुख्य ध्येय

पीठाधीश्वर महंत डॉ. ममता शास्त्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि संस्थान का मूल उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना ही नहीं, बल्कि अयोध्या धाम आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को निस्वार्थ भाव से चिकित्सा, विश्राम, भोजन और आत्मीय सेवा-सत्कार उपलब्ध कराना है। इस भव्य आयोजन में राष्ट्रीय संगठन मंत्री दीनानाथ पांडे, प्रदेश अध्यक्ष नर्वदेश्वर शुक्ला, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. विनय कपूर, राष्ट्रीय महामंत्री कुमार पुरेंदर सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही।

महोत्सव के अंतिम दिन सभी संतों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। जयपुर सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के दर्शन, सरयू आरती और अयोध्या के अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभवों की स्मृतियां संजोकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here