जयपुर। वैश्विक राइड-हेलिंग कंपनी उबर ने राकेश रंजन को भारत और दक्षिण एशिया का प्रेसिडेंट नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 4 जनवरी, 2027 से प्रभावी होगी। रंजन उबर के एशिया प्रशांत क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक डोम टेलर को रिपोर्ट करेंगे। वह उबर के भारत और दक्षिण एशिया कारोबार के विकास के अगले चरण का नेतृत्व करेंगे। भारत उबर का दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा बाजार है।
राकेश रंजन को भारत में बड़े उपभोक्ता कारोबार के निर्माण और संचालन का व्यापक अनुभव है। वह वर्ष 2017 में जोमैटो से जुड़े थे और करीब आठ साल तक कंपनी में विभिन्न नेतृत्वकारी पदों पर रहे। इस दौरान उन्होंने जोमैटो के फूड ऑर्डरिंग और डिलीवरी कारोबार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इससे पहले वह जोमैटो गोल्ड और बिक्री से जुड़ी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में भी कार्यरत रहे। उबर में शामिल होने से पहले वह एलेन ऑनलाइन के सीईओ थे।
नियुक्ति की घोषणा करते हुए डोम टेलर ने कहा कि तीन महीने से अधिक समय तक चली तलाश के बाद राकेश रंजन का उबर में स्वागत करते हुए कंपनी को खुशी है। इस पद के लिए कंपनी ने काफी ऊंचे मानक तय किए थे। भारत में बड़े उपभोक्ता कारोबार के संचालन का उनका अनुभव और भविष्य को लेकर उनकी महत्वाकांक्षा उन्हें इस भूमिका के लिए उपयुक्त बनाती है। भारत और दक्षिण एशिया उबर के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में क्षेत्र में कारोबार के विस्तार और नवाचार के अगले चरण में उनका अनुभव उपयोगी साबित होगा।
राकेश रंजन ने नियुक्ति पर कहा कि उबर ने भारत और दक्षिण एशिया में लोगों के आवागमन और कमाई के तरीकों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला कारोबार खड़ा किया है। इस क्षेत्र में विकास की काफी संभावनाएं हैं। उनकी प्राथमिकता रोजमर्रा के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाना होगी। इसमें भरोसेमंद राइड, अलग-अलग जरूरतों के अनुरूप किफायती यात्रा विकल्प और ड्राइवरों के लिए कमाई के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना शामिल है। उन्होंने प्रतिभाशाली टीम के साथ काम करने और कंपनी के मजबूत आधार को आगे बढ़ाने को लेकर उत्साह जताया।

















