
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एवं दिल्ली के पूर्व महापौर जयप्रकाश (जेपी भाई छाबड़ी) के जयपुर आगमन पर टोंक रोड स्थित गोविंद भवन में विशेष स्नेहिल मिलन समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रीय मंत्री का दायित्व संभालने के बाद उनका यह पहला जयपुर दौरा था। इस अवसर पर राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता कुलदीप सिंह बैंसला के नेतृत्व में जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रबुद्धजनों ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर जयप्रकाश के साथ दिल्ली से भाजपा नेता दीपक त्यागी और अरविंद गर्ग भी जयपुर पहुंचे। तीनों अतिथियों का उपस्थित गणमान्य नागरिकों और युवा साथियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
चाय-पकोड़ी के साथ आयोजित इस मिलन समारोह में सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक विषयों पर सौहार्दपूर्ण वातावरण में चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने अपने अनुभव साझा किए तथा सामाजिक सरोकारों, नए विचारों और संगठनात्मक गतिविधियों पर विचार-विमर्श किया। हंसी-मजाक और आत्मीय संवाद के बीच सभी ने एक-दूसरे के साथ समय बिताया।
कार्यक्रम के संयोजक कुलदीप सिंह बैंसला ने कहा कि जेपी भाई का जयपुर आगमन सभी के लिए प्रसन्नता और गौरव का विषय है। उनका राजनीतिक एवं संगठनात्मक अनुभव समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनका पहला जयपुर दौरा विशेष महत्व रखता है।
उल्लेखनीय है कि कुलदीप सिंह बैंसला राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता रहे हैं। वर्तमान में वे विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़कर सामाजिक गतिविधियों और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। युवा वर्ग के बीच उनकी अच्छी पकड़ है। वे सक्रिय, सहज, मिलनसार और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित व्यक्तित्व के रूप में अपनी पहचान रखते हैं।
समारोह में जयपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता, चिकित्सक, मीडिया प्रतिनिधि, राजनीतिक कार्यकर्ता, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में युवा साथी शामिल हुए। यह स्नेहिल मिलन समारोह विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय व्यक्तित्वों के बीच आपसी संवाद, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक संबंधों को मजबूत करने का अवसर बना।
















