जयपुर। राजधानी जयपुर में पुलिस की पीसीआर वैन में खुलेआम शराब पार्टी करने और फिल्मी गाने पर रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वीडियो में दो युवक पुलिस की नीली पीसीआर वैन के अंदर बैठकर शराब पीते नजर आ रहे हैं, जबकि उनके दो साथी सड़क पर खड़े होकर शराब पी रहे हैं।
एक अन्य युवक हाथ में शराब की बोतल लेकर वीडियो बना रहा है। पुलिस की गाड़ी का इस तरह इस्तेमाल किए जाने से पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वायरल वीडियो में पीसीआर वैन पर लगी लाल-नीली बत्ती और अंदर लगा वायरलेस सिस्टम भी दिखाई दे रहा है। युवक पुलिस वाहन के भीतर बैठकर फिल्मी गाने की धुन पर रील बनवा रहे हैं। वहीं, सड़क पर खड़े उनके साथी भी शराब पीते नजर आ रहे हैं। इस दौरान सड़क से अन्य वाहन गुजरते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के साथ आशुतोष नाम के युवक को जन्मदिन की बधाई देने का संदेश भी लिखा हुआ है।
वीडियो में दिखाई दे रही पीसीआर वैन का नंबर जयपुर के एसएमएस थाने की पीसीआर वैन के नंबर से मेल खा रहा है। हालांकि, जयपुर पूर्व की डीसीपी रंजिता शर्मा ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहा वाहन नंबर एसएमएस थाने की पीसीआर वैन से मिलता है, लेकिन वर्तमान में थाने में दूसरी पीसीआर वैन संचालित है। ऐसे में वीडियो कब बनाया गया और इसमें दिखाई दे रही गाड़ी किसकी है, इसकी जांच की जा रही है।
डीसीपी रंजिता शर्मा ने स्पष्ट किया कि इस तरह की हरकत किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही यदि जांच में पुलिस के किसी कर्मचारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान और पीसीआर वैन के इस्तेमाल से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस का वाहन युवकों तक कैसे पहुंचा और उन्होंने किसकी अनुमति से उसमें बैठकर शराब पार्टी की। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

















