स्कूल-कॉलेजों के पाठ्यक्रम में शामिल हो श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ की वाणी

0
14

जयपुर। देश-विदेश में संचालित सिंधी समाज के 150 से अधिक प्रेम प्रकाश आश्रमों ने सद्गुरु स्वामी टेऊँराम महाराज की आध्यात्मिक रचनाओं और ‘श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ’ की वाणी को स्कूली एवं महाविद्यालयी पाठ्यक्रम में शामिल कराने के लिए अभियान शुरू किया है। जयपुर के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र अमरापुर स्थान के संतों और समाज के प्रबुद्धजनों ने इस पहल के माध्यम से स्वामी जी की आध्यात्मिक एवं साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास शुरू किया है।

इस संबंध में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, शिक्षा मंत्री, राजस्थान राज्य पाठ्यपुस्तक मंडल और माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों को पत्र भेजे गए हैं। इनमें कक्षा 6 से 12वीं तक की हिंदी पाठ्यपुस्तकों में स्वामी टेऊँराम महाराज का जीवन परिचय और उनकी आध्यात्मिक रचनाओं को शामिल करने की मांग की गई है।

अमरापुर स्थान के संत मोहन प्रकाश महाराज और स्वामी मनोहर लाल महाराज ने बताया कि सद्गुरु स्वामी टेऊँराम महाराज की वाणी में संत कबीर, मीराबाई, सूरदास, रसखान, दादू दयाल और गुरु नानक देव जैसे महान संतों की परंपरा के अनुरूप गहन आध्यात्मिक ज्ञान समाहित है। स्वामी जी की दोहावली, पद, छंद, भजन, कविताएं और शांति के दोहे सरल भाषा में सामाजिक समानता, आपसी समरसता और विश्वबंधुत्व का संदेश देते हैं।

उन्होंने कहा कि इन रचनाओं को पाठ्यक्रम में शामिल करने से विद्यार्थियों को भारतीय संत साहित्य और आध्यात्मिक परंपरा को समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव, चरित्र निर्माण और मानवीय संवेदनाओं का विकास होगा।

इस अभियान को गति देने के लिए संतों के साथ सिंधी समाज के गणमान्य नागरिकों, शिक्षाविदों और पत्रकारों ने भी समर्थन दिया है। इनमें बीडी टेकवानी, राजकुमार संगतानी, गोवर्धन दास आसनानी, कुमार विधानी, पंडित जितेंद्र दाधीच वेदाचार्य, पंडित विजेंद्र शर्मा और तुलसी संगतानी शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here