जयपुर। सोडाला श्री श्याम मित्र मंडल सेवा समिति की ओर से 25वां वार्षिक उत्सव इस वर्ष रजत जयंती के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर 26 और 27 दिसंबर 2026 को दो दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उत्सव की तैयारियों के क्रम में समिति की ओर से शुक्रवार को पहला निमंत्रण मोती डूंगरी स्थित गणेश जी महाराज के मंदिर में अर्पित किया गया। समिति पदाधिकारियों ने गणेशजी महाराज को निमंत्रण देकर आयोजन की सफलता की कामना की।
समिति अध्यक्ष अशोक स्वामी और महामंत्री प्रकाश चंद गुप्ता ने बताया कि समिति की ओर से प्रतिवर्ष वार्षिक उत्सव आयोजित किया जाता है। इस वर्ष 25वां वार्षिक उत्सव होने के कारण इसे रजत जयंती के रूप में विशेष रूप से मनाया जाएगा। उत्सव का शुभारंभ 26 दिसंबर को सुबह 7:15 बजे कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा राम मंदिर, 22 गोदाम से रवाना होकर उत्सव स्थल शिव मंदिर, जमुना डेयरी, सोडाला पहुंचेगी। इसमें श्रद्धालु शामिल होकर धर्म लाभ अर्जित करेंगे।
पहले दिन शाम 6:15 बजे से भजन संध्या आयोजित होगी। इसमें भजन कलाकार बाबा श्याम की महिमा का गुणगान करेंगे। भजनों की प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय होगा। उत्सव के दूसरे दिन 27 दिसंबर को सुबह 7:15 बजे से श्री श्याम महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। विधि-विधान से होने वाले यज्ञ में श्रद्धालु आहुतियां देकर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। वहीं, शाम 5 बजे से श्री श्याम भंडारा एवं पंगत प्रसादी का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।
समिति ने शहरवासियों और श्याम भक्तों से दो दिवसीय आयोजन में शामिल होकर कार्यक्रमों की शोभा बढ़ाने और संस्था परिवार को अनुग्रहित करने का आग्रह किया है।
















