मार्गशीर्ष मास का हुआ शुभारंभ: 23 दिसंबर तक रहेगी भक्ति और धर्म-कर्म की धूम

0
10

जयपुर। हिंदू पंचांग के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण और भगवान विष्णु की आराधना को समर्पित पवित्र मार्गशीर्ष मास का बुधवार को शुभारंभ हो गया है। यह पावन महीना आगामी 23 दिसंबर तक चलेगा, जिसके दौरान जयपुर सहित देशभर के मंदिरों और घरों में धर्म-कर्म, व्रत, जप, तप और धार्मिक अनुष्ठानों की धूम रहेगी।

इसे अगहन, अग्रहायण और मगसर जैसे पारंपरिक नामों से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस मास में सच्चे मन और श्रद्धा से की गई पूजा-अर्चना, मंत्र जाप, तप तथा दान-पुण्य से भक्तों को विशेष पुण्यफल की प्राप्ति होती है और जीवन में सुख-शांति तथा सकारात्मकता का संचार होता है।

मार्गशीर्ष मास के आरंभ होने को लेकर ज्योतिषीय और पौराणिक दृष्टि से भी इसे अत्यंत शुभ माना जा रहा है। इस पवित्र महीने का प्रारंभ बुधवार को कुमार योग और राजयोग के शुभ संयोग में हुआ है।

पंडित राजेश कुमा शर्मा ने बताया कि मार्गशीर्ष मास को भगवान श्रीकृष्ण का अत्यंत प्रिय महीना माना गया है। उन्होंने उल्लेख किया कि श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं यह कहा है कि महीनों में मैं मार्गशीर्ष हूं। यही कारण है कि सनातन धर्म परंपरा में इस मास को विशेष स्थान और गौरव प्राप्त है।

पौराणिक एवं धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी पवित्र मास में भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र के युद्धक्षेत्र में विषादग्रस्त अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का दिव्य और शाश्वत उपदेश दिया था, जिसने मानवता को कर्म, ज्ञान और भक्ति का मार्ग दिखाया। इसके अतिरिक्त सतयुग का आरंभ भी इसी महीने से माना जाता है। प्राचीन काल में वर्ष का प्रारंभ मार्गशीर्ष मास से होने की परंपरा और मान्यता के कारण ही इसे ‘अग्रहायण’ नाम मिला, जिसका अर्थ वर्ष का प्रथम मास भी माना जाता है।

शर्मा के अनुसार मार्गशीर्ष मास में प्रतिदिन प्रातःकाल ब्रह्म मुहूर्त अथवा सूर्योदय से पूर्व उठकर स्नान करना अत्यंत फलदायी बताया गया है। इस अवधि में पवित्र नदियों और तीर्थ स्थलों में स्नान का विशेष धार्मिक महत्व है। जो श्रद्धालु किन्हीं कारणों से नदी या तीर्थ स्थल पर नहीं जा सकते, वे घर पर ही स्नान कर शुद्ध वस्त्र धारण करने के पश्चात भगवान विष्णु और भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर सकते हैं।

इस पूरे मास में श्रीमद्भगवद्गीता का नियमित पाठ, भगवान विष्णु के सहस्रनाम अथवा मंत्रों का जाप और ध्यान साधना करना अत्यंत शुभ माना जाता है। शर्मा ने बताया कि मार्गशीर्ष माह में “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” महामंत्र का नियमित जाप करने से साधक के मन को असीम शांति, स्थिरता और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होने की धार्मिक मान्यता है।

पूजा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण और भगवान विष्णु को पीले पुष्प, ऋतुफल और तुलसी दल अर्पित करना विशेष रूप से शुभ माना गया है। श्रद्धालु अपनी श्रद्धा, समय और सामर्थ्य के अनुरूप दैनिक पूजा-पाठ तथा धार्मिक अनुष्ठान कर आध्यात्मिक लाभ अर्जित कर सकते हैं।

मार्गशीर्ष मास में साधना के साथ-साथ दान-पुण्य और सेवा कार्यों का भी विशेष महत्व बताया गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस महीने में जरूरतमंद और निर्धन व्यक्तियों को पीले वस्त्र, गुड़, काले या सफेद तिल तथा शुद्ध घी का दान करना अत्यंत पुण्यदायी होता है। सर्दियों के आगमन के बीच तिल, गुड़ और घी का दान धार्मिक दृष्टि से पुण्यकारी होने के साथ-साथ व्यावहारिक रूप से भी जरूरतमंदों के लिए उपयोगी माना जाता है।

इसके अतिरिक्त अन्नदान, गौसेवा और असहाय लोगों की सहायता करना भी इस मास में अत्यंत शुभ फल देने वाला माना गया है। मान्यता है कि बिना किसी स्वार्थ भाव से किया गया दान व्यक्ति के जीवन में सुख, समृद्धि, आरोग्यता और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आता है। पूरे मास के दौरान श्रद्धालुओं को अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों की सेवा करने, गौशालाओं में सहयोग देने और धार्मिक-सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की प्रेरणा दी जाती है।

मार्गशीर्ष मास के दौरान अनेक महत्वपूर्ण व्रत, पर्व और धार्मिक तिथियां पड़ेंगी, जिनसे पूरे माह का वातावरण भक्तिमय बना रहेगा। निर्धारित तिथियों के अनुसार 27 नवंबर को चतुर्थी व्रत, 1 दिसंबर को कालभैरवाष्टमी, 4 दिसंबर को उत्पन्ना एकादशी व्रत, 6 दिसंबर को रवि प्रदोष व्रत और 8 दिसंबर को भौमवती अमावस्या मनाई जाएगी।

इसी क्रम में 14 दिसंबर को श्रीराम-जानकी विवाह पंचमी, 16 दिसंबर को धनु संक्रांति, 20 दिसंबर को मौनी मोक्षदा एकादशी तथा गीता जयंती का पावन पर्व मनाया जाएगा। इसके पश्चात 21 दिसंबर को सोम प्रदोष व्रत और मत्स्य द्वादशी का आयोजन होगा, जबकि 23 दिसंबर को मार्गशीर्ष पूर्णिमा व्रत और दत्तात्रेय जयंती के साथ इस पवित्र मास का समापन होगा। कुल मिलाकर मार्गशीर्ष मास श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, साधना, संयम और सेवा के माध्यम से आध्यात्मिक उन्नति का विशेष अवसर लेकर आया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here