जयपुर । औदीच्य समाज जयपुर की ओर से ब्रह्मपुरी स्थित चतुर्मुख नाथ महादेव मंदिर छोटा अखाड़ा में गोविन्द माधव जयंती एवं वार्षिकोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अन्नकूट भोजन प्रसादी का आयोजन भी किया गया।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ समाज संरक्षक डॉ. राजेश्वरी भट्ट, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं नहर के गणेश जी मंदिर के महंत जय शर्मा, मुख्य अतिथि डॉ. शैल शास्त्री और समाज अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश भार्गव ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार किया। समाज के सचिव अशोक दत्त रावल ने समाज का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।
समारोह में समाज की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वालों का सम्मान किया गया। इसके तहत 15 दंपतियों और चार महिलाओं को वरिष्ठजन सम्मान, दो व्यक्तियों को भामाशाह सम्मान, चार को विशिष्ट योग्यता सम्मान, पांच को विशिष्ट प्रतिभा सम्मान तथा दो व्यक्तियों को विशिष्ट सेवा सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा समाज के बालक-बालिकाओं को शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेता बालक-बालिकाओं एवं महिलाओं को भी पुरस्कार वितरित किए गए।
इस अवसर पर समाज संरक्षक डॉ. राजेश्वरी भट्ट ने समाज के सभी लोगों से एकजुट होकर समाज के विकास में सहयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम अध्यक्ष महंत जय शर्मा ने समाज कार्यकारिणी की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मुख्य अतिथि डॉ. शैल शास्त्री ने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए समाज की गतिविधियों में नियमित भागीदारी निभाने की अपील की।
अंत में समाज अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश भार्गव ने महिला मंडल, नवयुवक मंडल और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी समाज जनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के बाद उपस्थित लोगों ने अन्नकूट भोजन प्रसादी ग्रहण की।

















