महापौर सुनील कोठारी ने पांच घंटे किया सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण

0
16
Mayor Sunil Kothari conducted a five-hour surprise inspection of the sanitation system.
Mayor Sunil Kothari conducted a five-hour surprise inspection of the sanitation system.

जयपुर। नगर निगम महापौर सुनील कोठारी ने बुधवार को शहर की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले करीब पांच घंटे के निरीक्षण में सिविल लाइंस और विद्याधर नगर जोन के 15 से अधिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान महापौर ने खुले कचरा डिपो हटाने, नियमित सफाई, टूटे डस्टबिन बदलने, सुलभ शौचालयों की व्यवस्था सुधारने और अवैध एवं अस्थायी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत स्टेच्यू सर्किल से हुई। इसके बाद महापौर तिलक मार्ग पहुंचे, जहां कई इमारतों, भवनों और सोसायटियों के बाहर खुले में कचरा तथा निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) अपशिष्ट पड़ा मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए मौके पर लोगों को कचरा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार डालने की समझाइश दी।

उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का फीडबैक भी लिया। अशोक उद्यान के आसपास गंदगी मिलने पर संबंधित मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक (सीएसआई) को फटकार लगाई। सी-स्कीम स्थित नाले में कचरा डालने वालों के चालान करने और नाले की सफाई कराने के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। आमजन कचरा सड़कों पर डालने के बजाय डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों में ही डालें और अस्थायी अतिक्रमण से बचें। सफाई एक दिन का नहीं, बल्कि नियमित कार्य है। अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन की सहभागिता से ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।

राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के आसपास के क्षेत्र में अवैध और अस्थायी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। रेलवे स्टेशन के पास अतिक्रमण मिलने पर मौके पर चालान किया गया। दुकानदारों को गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने की समझाइश दी गई। रेलवे स्टेशन के पास यूरिनल और सुलभ शौचालयों का निरीक्षण करने पर एक स्थान पर ताला लगा मिला। महापौर ने मौके पर ही ताला तुड़वाकर शौचालय आमजन के लिए खुलवाया। उन्होंने रेलवे स्टेशन के आसपास डस्टबिन लगाने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान अब्दुल रहमान चिकन बिरयानी दुकान की ओर से किए गए अवैध अतिक्रमण पर 20 हजार रुपए कैरिंग चार्ज वसूला गया। उपायुक्त उद्यान को अंबाबाड़ी सर्किल और आसपास के क्षेत्र के साथ-साथ विभिन्न जोनों के फुटपाथों एवं मीडियन्स में पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई कराने के निर्देश दिए गए।

विद्याधर नगर जोन में अवैध पशुओं को पकड़ने और चारा बेचने वालों के खिलाफ चालान करने के निर्देश उपायुक्त पशु प्रबंधन को दिए गए। सड़कों पर थड़ी-ठेले लगाने और अवैध दुकानें लगाकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ संबंधित सीएसआई को सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त कर चालान काटने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पार्षद सुभाष सिंगी, अतिरिक्त आयुक्त द्वितीय शैफाली कुशवाहा, उपायुक्त स्वास्थ्य ओम थानवी, उपायुक्त पवन कुमार शर्मा, संबंधित जोन उपायुक्त, उपायुक्त पशु प्रबंधन करणी सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here