जयपुर। भारतीय लेखा एवं लेखा परीक्षा विभाग की ओर से 16 से 30 नवंबर तक ऑडिट दिवस मनाया जा रहा है। इसके तहत जयपुर स्थित प्रधान महालेखाकार कार्यालय में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न विषयों पर ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें शहर के कई स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता तीन श्रेणियों में आयोजित की गई। कक्षा 3 से 5 के विद्यार्थियों के लिए ‘प्रकृति’, कक्षा 6 से 8 के लिए ‘प्रदूषण मुक्त भारत’ और कक्षा 9 से 12 के लिए ‘विकसित भारत 2047’ विषय रखा गया। इसमें सेंट जेवियर, सेंट एनी, महावीर पब्लिक, विनय भारती बाल मंदिर, मदर ग्रेस और अपैक्स इंटरनेशनल सहित विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा दिखाई।
ड्राइंग प्रतियोगिता के साथ कार्यालय के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम हॉल में भारतीय लेखा एवं लेखापरीक्षा विभाग के विभिन्न कार्यालयों में होने वाले कार्यों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी में रुचि दिखाते हुए विभाग की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। प्रतियोगिता की प्रत्येक श्रेणी में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 27 नवंबर को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। अन्य सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
इसी क्रम में राजा रामदेव पोद्दार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में ‘पैसा बोलता है, सीएजी सुनता है’ विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। लेखापरीक्षा कार्यालय के कार्मिकों ने नाटक के माध्यम से भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (सीएजी) के कार्यों और कार्यप्रणाली की जानकारी विद्यार्थियों को दी। साथ ही उन्हें जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। नाटक के बाद प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित कर विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में प्रधान महालेखाकार के. मणि मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों से कड़ी मेहनत और लगन के साथ अध्ययन करने तथा देश की उन्नति में भागीदार बनने का आह्वान किया। नुक्कड़ नाटक का निर्देशन कल्याण अधिकारी रजनीश शर्मा ने किया। इसमें उपेन्द्र सिंह राठौड़, किशोर कुमार, शेखर विजय, सतनाम सिंह सूरी, अनंत जैन, विजेंद्र कुमार और राहुल भदाला ने प्रमुख भूमिकाएं निभाईं।

















