जयपुर में होगा कलरफ्यूज़न इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, पांच देशों को आमंत्रण

0
12

जयपुर। राजस्थान को वैश्विक सिनेमा, कला और सांस्कृतिक संवाद के मंच पर विशेष पहचान दिलाने के उद्देश्य से जयपुर में कलरफ्यूज़न इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन 12 और 13 मार्च 2027 को किया जाएगा। दृश् सीने प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले आयोजित होने वाला यह दो दिवसीय फिल्म महोत्सव ‘स्टोरीज बियॉन्ड बॉर्डर्स’ थीम के साथ विभिन्न देशों की कहानियों, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति को एक मंच पर लाने का प्रयास करेगा।

फेस्टिवल के प्रथम संस्करण में अंतरराष्ट्रीय सहभागिता के लिए स्पेन, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील और ग्रीस को आमंत्रित किया गया है। इनमें से दो देशों को आयोजन के अंतरराष्ट्रीय साझेदार के रूप में शामिल किया जाएगा। राजस्थान के तीन प्रमुख राजघराने भी इस महोत्सव का हिस्सा बनेंगे, जिससे आयोजन में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और वैश्विक सिनेमा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

फेस्टिवल के फाउंडर डायरेक्टर तपेश कोटिया ने कहा कि, राजस्थान अपनी कला, संस्कृति, वास्तुकला, परंपराओं और कहानियों के लिए दुनियाभर में विशिष्ट स्थान रखता है। कलरफ्यूज़न के माध्यम से हमारा उद्देश्य राजस्थान को अंतरराष्ट्रीय फिल्म और सांस्कृतिक संवाद के एक नए मंच के रूप में प्रस्तुत करना है। सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विभिन्न संस्कृतियों, विचारों और समाजों को जोड़ने की ताकत है। ‘स्टोरीज बियॉन्ड बॉर्डर्स’ इसी सोच को आगे बढ़ाने की पहल है, जहां कहानियां भौगोलिक सीमाओं से परे लोगों को जोड़ेंगी और राजस्थान को वैश्विक रचनात्मक समुदाय से जोड़ने का अवसर मिलेगा।

आठ सदस्यीय सलाहकार समिति के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में मनीषा देसाई निदेशक तथा टीना शर्मा कार्यकारी निदेशक की भूमिका निभाएंगी। पहले दिन फिल्म और मनोरंजन जगत से जुड़े प्रमुख व्यक्तित्वों के साथ दो टॉक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें फेस्टिवल की थीम के अनुरूप सिनेमा, कहानियों और सांस्कृतिक संवाद से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। शाम को बुद्धिजीवियों, कला एवं संस्कृति से जुड़े व्यक्तित्वों के लिए विशेष मिलन समारोह आयोजित होगा, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सहभोज के माध्यम से संवाद एवं नेटवर्किंग को बढ़ावा दिया जाएगा।

महोत्सव के दूसरे दिन एक टॉक शो आयोजित होगा, जिसके बाद जूरी द्वारा चयनित फिल्मों को सम्मानित किया जाएगा। विभिन्न विषयों की फिल्मों को आठ श्रेणियों में विभाजित कर प्रविष्टियां आमंत्रित की जा रही हैं। फिल्म निर्माता फिल्म फ्रीवे (Film Freeway) प्लेटफॉर्म के माध्यम से और सीधे भी अपनी प्रविष्टियां भेज सकते हैं। फेस्टिवल की प्रविष्टियों, नियमों और अन्य जानकारी आयोजन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here