भूखंडों पर अवैध कब्जे के पांच मामलों में वांछित दस हजार का इनामी भूमाफिया गिरफ्तार

0
7

जयपुर। जामडोली थाना पुलिस ने भूखंडों पर अवैध कब्जे और विवादित भूमि से जुड़े पांच मामलों में वांछित दस हजार रुपए के इनामी भूमाफिया अजीत सिंह उर्फ जीतू को गिरफ्तार किया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए करीब एक साल से अपने ठिकाने बदल-बदलकर फरारी काट रहा था। जामडोली थानाधिकारी रतन सिंह कविया के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अजीत सिंह उर्फ जीतू (33) निवासी बस्सी जयपुर है।

उसके खिलाफ जामडोली थाने में सुमेल रोड स्थित महेश विहार कॉलोनी में भूखंडों पर अवैध कब्जे के संबंध में पांच प्रकरण दर्ज हैं। इन मामलों में वांछित होने के चलते पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व की ओर से उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार महेश विहार कॉलोनी के नाम से सृजित कॉलोनी की करीब 1500 वर्गगज विवादित भूमि की जानकारी होने के बावजूद आरोपी ने अपने लाभ के लिए इसे दूसरे व्यक्ति से क्रय किया था। इस संबंध में जामडोली थाने में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अभियोग में जुर्म प्रमाणित पाए जाने पर उसे गिरफ्तार किया गया है। शेष चार प्रकरणों में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here