कार के गुप्त बॉक्स में छिपा रखा था 47 किलो गांजा, दो तस्कर गिरफ्तार

0
38
47 kg of cannabis was hidden in a secret compartment of the car.
47 kg of cannabis was hidden in a secret compartment of the car.

जयपुर। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने सवाई माधोपुर जिले में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 47.288 किलोग्राम गांजा और उत्तर प्रदेश नंबर की एक लग्जरी कार जब्त की गई है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई गई है।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सवाई माधोपुर के खंडार थाना क्षेत्र स्थित फरिया गांव निवासी मुकुट बिहारी (36) और हनुमान (30) के रूप में हुई है। दोनों पिछले छह-सात वर्षों से ओडिशा से गांजे की खेप लाकर राजस्थान और मध्यप्रदेश में सप्लाई कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि सूचना के सत्यापन के बाद एएनटीएफ ने करीब दो माह तक आरोपियों की गतिविधियों पर निगरानी रखी। जानकारी मिलने पर टीम ने उत्तर प्रदेश के ललितपुर से ही संदिग्ध कार का पीछा शुरू किया। आरोपी ओडिशा से रायपुर, ललितपुर, झांसी और शिवपुरी होते हुए राजस्थान पहुंचे।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कुस्तला कट के पास रवांजना डूंगर थाना पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया गया। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी में दोनों लाइटों के पीछे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त बॉक्स से 47.288 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और वाहन जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी मुकुट बिहारी ने पहले मोबाइल रिचार्ज की दुकान चलाई थी। घाटा होने के बाद उसने गांजा बेचने का अवैध कारोबार शुरू कर दिया। वर्ष 2020 में उसकी ओडिशा के एक बड़े तस्कर से पहचान हुई, जिसके बाद वह 4 से 5 हजार रुपए प्रति किलो की दर से गांजा खरीदकर राजस्थान और मध्यप्रदेश में 15 से 20 हजार रुपए प्रति किलो तक बेचने लगा।

इस कारोबार में उसने हनुमान को भी शामिल किया, जिसे प्रत्येक खेप पर 20 हजार रुपए कमीशन मिलता था। दोनों हर दो माह में ओडिशा से खेप लाते थे और प्रतिदिन करीब दो किलो गांजा बेचकर 30 से 32 हजार रुपए तक का मुनाफा कमाते थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश शुरू कर दी है। एएनटीएफ ने कार्रवाई में शामिल टीम को सम्मानित करने की घोषणा की है। साथ ही आमजन से मादक पदार्थ तस्करी की सूचना एएनटीएफ कंट्रोल रूम या व्हाट्सएप नंबर पर देने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here