जयपुर/कोटा। देश की शिक्षा नगरी कोटा में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान (डीजेजेएस) की नई शाखा का शुभारंभ शनिवार को वैदिक परंपराओं के अनुसार किया गया। संस्थान की नई शाखा पार्वती रेजीडेंसी, मकान संख्या 30, कैनाल रोड, बरखेड़ा में स्थापित की गई है। संस्थान का उद्देश्य हाड़ौती क्षेत्र में आध्यात्मिक जागरण को बढ़ावा देना तथा ब्रह्मज्ञान के माध्यम से लोगों को आत्मिक शांति और जीवन के वास्तविक उद्देश्य से जोड़ना है।
संस्थान के अनुसार श्री आशुतोष महाराज के मार्गदर्शन में संचालित दिव्य ज्योति जागृति संस्थान वर्षों से ब्रह्मज्ञान के माध्यम से मानव समाज को आत्मज्ञान, आत्मिक शांति और ईश्वर के प्रत्यक्ष अनुभव का मार्ग प्रदान कर रहा है। कोटा में नई शाखा की स्थापना को इस मिशन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नई शाखा में नियमित रूप से सत्संग, ध्यान साधना, ब्रह्मज्ञान कार्यशालाएं, आध्यात्मिक प्रवचन, भजन-कीर्तन तथा विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही सामाजिक एवं आध्यात्मिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम भी संचालित होंगे।
संस्थान ने विशेष रूप से कोटा में अध्ययनरत विद्यार्थियों को ध्यान में रखते हुए तनाव प्रबंधन, एकाग्रता विकास, व्यक्तित्व निर्माण, सकारात्मक सोच और मानसिक संतुलन पर आधारित विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक सफलता के साथ-साथ मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और आंतरिक शांति की दिशा में प्रेरित करना है।
संस्थान का मानना है कि जब व्यक्ति अपने भीतर स्थित दिव्यता का अनुभव करता है, तभी समाज और विश्व में वास्तविक शांति स्थापित हो सकती है। इसी उद्देश्य के साथ कोटा की नई शाखा समाज के विभिन्न वर्गों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगी।



















