जयपुर। राजधानी में सोमवार को एफटीआई कार्यालय परिसर में बड़ा हादसा हो गया। भवन की छत अचानक भरभराकर गिरने से वहां कार्य कर रहे 10 से अधिक मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को विशेष निगरानी में रखा गया है। एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के अस्पताल पहुंचने से ट्रॉमा सेंटर में भी हलचल मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब मजदूर एफटीआई कार्यालय में निर्माण संबंधी कार्य कर रहे थे। इसी दौरान छत अचानक ढह गई और कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए। घायलों में लालाराम, राजीव कुमार, नीतीश कुमार, उदित, प्रमोद, बकू, कार्तिक, प्रमोद और अशोक सहित 10 से अधिक मजदूर शामिल हैं।
एसएमएस थाना पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन की टीम भी घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है। फिलहाल छत गिरने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।



















