युवक की पीट-पीटकर हत्या: घर से बुलाकर ले गए थे बदमाश

0
51
Youth beaten to death
Youth beaten to death

जयपुर। आमेर थाना क्षेत्र में नगीनों का काम करने वाले तीस वर्षीय युवक की लाठियों-सरियों से बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का मामला सामने आया है। गंभीर घायल युवक की एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात मौत हो गई। बुधवार को एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

डीसीपी (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि आमेर थाना इलाके के काजीवाड़ा निवासी वसीम खान (30) पुत्र अशरफ को मंगलवार को 10 से 15 लोग घर से बुलाकर ले गए। परिजनों का आरोप है कि बदमाशों ने अबूजार मस्जिद के पास पहले उसके साथ लाठियों और सरियों से मारपीट की और फिर पास के खेत और बाद में एक फार्म हाउस पर ले जाकर हमला कर गंभीर हालत में उसे घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। जिसकी उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर परिजनों ने अखलाक, माहिर, बबलू, अज्जू, ईशान, सुका और सोहेल सहित अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।

मृतक के पिता अशरफ ने आरोप लगाया कि दो-तीन दिन पहले भी इन्हीं बदमाशों ने इलाके के कुछ लोगों और उनके बेटे के साथ मारपीट की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ गए। उन्होंने किसी भी प्रकार की आपसी रंजिश से इनकार किया है।

मृतक के भाई मोहम्मद रईस ने बताया कि आरोपियों ने किसी काम का बहाना बनाकर वसीम को घर से बुलाया और बेरहमी से पीटा। गंभीर चोटों के कारण उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का मौका मुआयना कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। डीसीपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here