जयपुर। ब्रह्मपुरी थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) उत्तर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पर्वतपुरी कॉलोनी स्थित एक मकान में संचालित जुआघर पर छापा मारकर ताश के पत्तों पर दांव लगा रहे आठ जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 54 हजार 800 रुपए की जुआ राशि और ताश के पत्ते जब्त किए हैं। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि ब्रह्मपुरी थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) उत्तर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पर्वतपुरी कॉलोनी स्थित एक मकान में संचालित जुआघर पर छापा मारकर ताश के पत्तों पर दांव लगा रहे किशन, प्रकाश, कैलाशचंद, राजेश महावर, राजेश, कन्हैयालाल, जयराज और चंद्रप्रकाश को गिरफ्तार किया गया। अधिकांश आरोपी रामगंज क्षेत्र के कोठी कोलियान और आसपास के इलाकों के निवासी हैं।
ब्रह्मपुरी थानाधिकारी हेमंत जनागल ने बताया कि डीएसटी उत्तर से मिली सूचना पर पुलिस ने पर्वतपुरी कॉलोनी स्थित मकान नंबर-101 पर दबिश दी, जहां संगठित रूप से जुआ खेला जा रहा था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि पर्वतपुरी स्थित इस ठिकाने पर जुआघर कब से संचालित हो रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।



















