जयपुर। रामगंज थाना पुलिस ने नगीना व्यवसायी के घर हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 1.95 लाख रुपए नकद तथा करीब 4 लाख रुपए मूल्य के नगीनों के सभी 25 पैकेट बरामद कर लिए गए हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि रामगंज थाना पुलिस ने नगीना व्यवसायी के घर नकबजनी की वारदात करने वाले शातिर चोर रिजवान उर्फ रेशक (25) निवासी तोपखाना हुजूरी घाटगेट को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से चोरी के 1.95 लाख रुपए नकद तथा करीब 4 लाख रुपए मूल्य के नगीनों के सभी 25 पैकेट बरामद भी किया गया है।
थानाधिकारी सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि कर्नाटक निवासी एवं वर्तमान में घाटगेट स्थित दरगाह आदम शाह क्षेत्र में किराए से रह रहे सैयद नईन हैदर (27) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 जुलाई की रात कमरे में रखी दराज का ताला तोड़कर चोर 3.50 लाख रुपए नकद और 25 पैकेट नगीनें चोरी कर ले गया। आहट होने पर परिवादी और नीचे रहने वाले फईम ने आरोपी का पीछा किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई और पुलिस टीम गठित की। जहां टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी रिजवान उर्फ रेशक को धर—दबोचा। पुलिस आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल रामलाल तथा कांस्टेबल दीपेंद्र सिंह, कैलाश और बंशीधर की अहम भूमिका रही।



















