जयपुर। करणी विहार थाना क्षेत्र में दोस्ती को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। यहां कुछ युवकों ने अपने ही परिचित युवक का रास्ता रोककर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने इतनी बेरहमी से मारपीट की कि युवक के दोनों पैर टूट गए। इसके बाद आरोपी उसकी बाइक छीनकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
हेड कांस्टेबल राधेश्याम ने बताया कि पांच्यावाला निवासी राजेश मेहरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार उनका बेटा मिथलेश शनिवार शाम करीब 6:30 बजे बाइक से घर लौट रहा था। जब वह कनकपुरा रेलवे स्टेशन स्थित श्मशान घाट के पास पहुंचा तो उसके परिचित मयंक और युवराज ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि रास्ता रोकते ही आरोपियों ने मिथलेश पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, लेकिन इसके बाद भी आरोपी उसे पीटते रहे। मारपीट में उसके दोनों पैर टूट गए। वारदात के बाद आरोपी घायल युवक को मौके पर छोड़कर उसकी बाइक लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर राहगीरों और परिजनों की मदद से मिथलेश को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने पीड़ित के पिता की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
नामजद आरोपी मयंक, युवराज और उनके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर वारदात के पीछे की वजह का भी खुलासा किया जाएगा।



















