जयपुर। शिप्रापथ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नशे की लत पूरी करने के लिए दुपहिया वाहन चोरी करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और जुआ अधिनियम सहित विभिन्न मामलों के कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि शिप्रापथ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नशे की लत पूरी करने के लिए दुपहिया वाहन चोरी करने वाले एक शातिर बदमाश दीपक सिंधी उर्फ दीपक कोरवानी (25) को गिरफ्तार किया। आरोपी मूलतः केकड़ी (अजमेर) का निवासी है और वर्तमान में मानसरोवर क्षेत्र में लावारिस स्थिति में रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे की महंगी लत पूरी करने के लिए स्कूटी और मोटरसाइकिल चोरी करता था। पूछताछ में उससे अन्य वाहन चोरी की वारदातों के खुलासे की संभावना है।
जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2019 से अब तक राजस्थान के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, जुआ अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें अधिकांश में चालान पेश हो चुका है, जबकि वर्तमान वाहन चोरी के मामले की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में कांस्टेबल मंगेज और छोटूराम की विशेष भूमिका रही। टीम में हेड कांस्टेबल राजेश और कांस्टेबल मुकेश भी शामिल रहे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।



















