‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंजा गुप्त वृन्दावन धाम: रावण दहन के साथ मनाया विजयादशमी पर्व

0
37

जयपुर। विजयादशमी के पावन पर्व पर गुप्त वृन्दावन धाम में दशहरा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। भगवान श्रीराम के रावण दहन के लिए बाण चलाते ही मंदिर परिसर ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजन में भाग लिया तथा श्री श्री कृष्ण-बलराम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

महोत्सव के अंतर्गत विशेष रामलीला का मंचन किया गया, जिसमें रामायण के अरण्य कांड को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया। लगभग दो घंटे तक चले मंचन में भगवान श्रीराम के वनवास काल के विभिन्न प्रसंगों को कलाकारों ने अपनी भाव-भंगिमाओं और सजीव अभिनय से जीवंत कर दिया। मंचन में शूर्पणखा प्रसंग, खर-दूषण वध, त्रिशिरा वध, मारीच का स्वर्ण मृग का रूप धारण करना, रावण द्वारा साधु वेश में माता सीता का हरण और पक्षीराज जटायु का रावण से युद्ध प्रमुख आकर्षण रहे।

पूरे मंदिर परिसर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया, जिससे धाम का वातावरण भक्तिमय हो उठा। आयोजन में पालकी उत्सव, हरिनाम संकीर्तन और रावण दहन में जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। धार्मिक प्रस्तुतियों और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच विजयादशमी का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here