जयपुर। ब्रह्मपुरी माउंट रोड स्थित अतिप्राचीन दाहिनी सूंड दक्षिणमुखी श्री नहर के गणेशजी महाराज मंदिर में बुधवार, 15 जुलाई को बुध-पुष्य नक्षत्र के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन होगा। मंदिर परिवार की ओर से प्रथम पूज्य भगवान गणेश का दूर्वा मार्जन से पंचामृत अभिषेक किया जाएगा।
मंदिर के युवाचार्य पं. मानव शर्मा ने बताया कि प्रातः 11 बजे शुभ मुहूर्त में मंदिर महंत पं. जय शर्मा के सान्निध्य में भगवान गजानंद का दूर्वा मार्जन से पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद भगवान को नवीन पोशाक धारण कराकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सायंकाल 251 दीपकों से भव्य महाआरती का आयोजन होगा। इस अवसर पर मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि एवं विघ्नों के निवारण का प्रतीक रक्षा सूत्र भी वितरित किए जाएंगे। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।



















