आंगनबाड़ी कर्मियों की समस्याओं पर निदेशक से वार्ता में कई मांगों पर बनी सहमति

0
48
Consensus reached on several demands during a discussion with the Director regarding the issues faced by Anganwadi workers.
Consensus reached on several demands during a discussion with the Director regarding the issues faced by Anganwadi workers.

जयपुर। राजस्थान आंगनबाड़ी कर्मचारी महासंघ (भारतीय मजदूर संघ) के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को बीएमएस राजस्थान के प्रदेश महामंत्री मुकेश सोलंकी के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक वासुदेव मालावत से मुलाकात कर आंगनबाड़ी कर्मियों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में मानदेय, ग्रेच्युटी, बीमा राशि, इंक्रीमेंट, गैर-आईसीडीएस कार्यों से मुक्ति और फेस कैप्चरिंग प्रक्रिया को सरल बनाने सहित कई मुद्दों पर सकारात्मक आश्वासन मिला।

बैठक में निदेशक वासुदेव मालावत ने बताया कि मानदेय भुगतान में आ रही तकनीकी समस्या दूर कर दी गई है और शीघ्र ही सभी जिलों में भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि एक-दो माह में राज्य सरकार और केंद्र सरकार का मानदेय पूर्व की तरह एक साथ जमा कराने की व्यवस्था फिर से शुरू की जाएगी।

ग्रेच्युटी के संबंध में उन्होंने बताया कि वित्त विभाग द्वारा लगाए गए आक्षेपों की पूर्ति कर प्रस्ताव पुनः भेज दिया गया है तथा जल्द ही ग्रेच्युटी संबंधी आदेश जारी होने की संभावना है। गैर-आईसीडीएस कार्य नहीं लेने की मांग पर उन्होंने मुख्यालय स्तर से राज्य सरकार तथा सभी जिला उपनिदेशकों को पत्र लिखकर निर्धारित आदेशों की पालना सुनिश्चित कराने का भरोसा दिया।

बैठक में सेवा निवृत्ति के बाद देय बीमा राशि के भुगतान की प्रक्रिया को मुख्यालय स्तर से सरल बनाने, सेनेटरी नेपकिन फेस कैप्चरिंग को आसान करने तथा पूर्व की तरह 5 एवं 10 वर्ष के इंक्रीमेंट नियमित रूप से लगाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश प्रभारी भोला नाथ आचार्य, सह प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह गुर्जर, प्रदेश अध्यक्ष कमला डामोर, प्रदेश महामंत्री पूजा चौधरी, प्रदेश मंत्री उर्मिला मोड़ोतिया, प्रदेश उपाध्यक्ष गगन शर्मा, शीला और जयपुर संभाग से बनती तथा सवाई माधोपुर के प्रतिनिधि शामिल रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक को अवगत कराया कि 19 जून 2026 से चल रहे कार्य बहिष्कार और हड़ताल को भारतीय मजदूर संघ का समर्थन नहीं है तथा संगठन से जुड़े आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं और ऑनलाइन कार्य भी जारी है। इस पर निदेशक ने संतोष व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि 19 जून से अब तक आंगनबाड़ी कर्मचारी महासंघ (बीएमएस) और विभाग के बीच यह तीसरी बैठक रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here