नौ दिवसीय गौ पुष्टि गोपाल महायज्ञ और भक्तमाल कथा का आयोजन चलेगा 24 जुलाई तक

0
65

जयपुर। सांगानेर स्थित श्री तिवाड़ीयावाला बालाजी महाराज मंदिर में शुरू हुआ नौ दिवसीय बहु कुंडात्मक गौ पुष्टी गोपाल महायज्ञ एवं संगीतमय भक्तमाल कथा ज्ञान यज्ञ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में जारी है। यह धार्मिक आयोजन 24 जुलाई तक चलेगा। प्रतिदिन दोपहर 1:15 बजे से 4:15 बजे तक भक्तमाल भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

महायज्ञ के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः 8:15 बजे से दोपहर 12:13 बजे तक नित्य हवन, पूजा एवं आरती संपन्न हो रही है। आयोजन का समापन 24 जुलाई को पूर्णाहुति, स्नेह प्रसादी तथा संत-महंत एवं ब्राह्मणों की विदाई के साथ होगा।

महामंडलेश्वर 1008 जोईराम सोईराम महाराज एवं बालयोगी बालकृष्ण दास महाराज के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बालयोगी नोमीनाव दास महाराज भक्तमाल कथा का वाचन कर रहे हैं, जबकि यज्ञाचार्य की भूमिका पंडित दुर्गाशंकर शास्त्री (पहाड़िया वाले) निभा रहे हैं।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर जोईराम सोईराम महाराज ने गौ संरक्षण का संदेश देते हुए गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का आधार हैं।

यदि गौ माता का संरक्षण नहीं हुआ और उनका अस्तित्व संकट में पड़ा, तो धरती पर अनिष्ट और प्राकृतिक असंतुलन की संभावनाएं बढ़ जाएंगी। उन्होंने समाज और सरकार से गौ संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने तथा गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान देने की अपील की।

आयोजन समिति एवं सांगानेर तहसील के विभिन्न गांवों के क्षेत्रवासियों ने श्रद्धालुओं से 24 जुलाई तक चलने वाले इस महायज्ञ एवं कथा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here