श्री अमरापुर स्थान में बही भक्ति की गंगा: 313 कन्याओं का हुआ विशाल पूजन व भोज

0
59
A river of devotion flowed at Shri Amrapur Sthan.
A river of devotion flowed at Shri Amrapur Sthan.

जयपुर। आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊराम जी महाराज के पावन 140वें जन्मोत्सव की मौज में इन दिनों पूरी गुलाबी नगरी भक्ति के रंग में सराबोर है। श्री अमरापुर स्थान में आयोजित हो रहे इस भव्य जन्मोत्सव के तहत हवन, यज्ञ, अनुष्ठान, भजन और सुंदर झांकी दर्शनों के लिए रोजाना हजारों श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। उत्सव के तीसरे दिन, शुक्रवार को श्री अमरापुर स्थान में अद्भुत कन्या भोज और अलौकिक झांकी दर्शन के भव्य आयोजन हुए।

जन्मोत्सव की श्रृंखला में शुक्रवार प्रातः 10 बजे 313 कन्याओं के लिए विशाल कन्या भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान आयोजनकर्ताओं ने देवी स्वरूपा नन्ही कन्याओं के चरण धुलवाए, तिलक लगाकर उनका पूजन किया और आरती उतारी। स्वादिष्ट भोजन कराने के साथ ही सभी कन्याओं को पानी की बोतल, लंच बॉक्स, रूमाल, फ्रूटी, पेन-पेंसिल, चॉकलेट, टॉफी, नोटबुक और बिस्कुट सहित नाना प्रकार के सुंदर उपहार भेंट किए गए।

शुक्रवार सायंकाल को “खंडू सरकार – करेंगे नौका विहार” की अलौकिक और अविस्मरणीय झांकी सजाई गई। झांकी में खंडू सरकार बाबा टेऊराम जी ने नौका विहार करते हुए भक्तों को दिव्य दर्शन दिए। इस अदभुत झांकी को विजेंद्र शर्मा और उनकी टीम द्वारा बेहद आकर्षक ढंग से तैयार किया गया था, जिसे देख उपस्थित जनमेदिनी भाव-विभोर और मंत्रमुग्ध हो गई। संतों ने सर्वप्रथम नौका विहार की पूजा-अर्चना की और तत्पश्चात गुरुदेव को नौका विहार कराया गया।

सद्गुरु टेऊराम जी महाराज के 140वें जन्मोत्सव के चौथे दिन शनिवार को भी कई विशेष और भव्य आयोजन होंगे। बटुक ब्राह्मण भोज प्रातः 10 बजे गुरुकुल के 140 बटुक ब्राह्मणों के लिए विशाल भोज का आयोजन किया जाएगा। सद्गुरु स्वामी टेऊराम जी महाराज के समक्ष 140 व्यंजनों का विशेष छप्पन भोग अर्पित कर भव्य झांकी सजाई जाएगी।

शनिवार शाम को होने वाले इस मुख्य आयोजन में संतों-महात्माओं और अनेक गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इस दौरान भव्य भजन संध्या, सत्संग और संकीर्तन जैसे विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here