गोपुष्टी महायज्ञ में उमड़ा आस्था का सैलाब: रासलीला और कथा ने बांधा समां

0
62
A tidal wave of faith surged at the Gopushti Mahayajna.
A tidal wave of faith surged at the Gopushti Mahayajna.

जयपुर। सांगानेर स्थित श्री तिवाड़ीयावाला बालाजी महाराज मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय बहु कुंडात्मक गौ पुष्टी गोपाल महायज्ञ एवं संगीतमय भक्तमाल कथा ज्ञान यज्ञ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में जारी है। इसी कड़ी में धार्मिक आयोजन के दूसरे दिन गो पुष्टी यज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यज्ञशाला में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से आहुतियां अर्पित की गईं, वहीं रात्रिकालीन भव्य रासलीला ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

यज्ञशाला में सभी कुंडों का प्रज्वलन होने के बाद यजमानों एवं विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रों के बीच पवित्र आहुतियां दीं। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। दूसरी ओर रात्रि में शुरू हुई भव्य रासलीला श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।

सनातन धर्म और गोरक्षा का दिया संदेश

धार्मिक महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित भागवत भक्तमाल कथा में कथा व्यास आचार्य बाल योगी नेमिनाथ दास महाराज ने व्यासपीठ से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सनातन धर्म के संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गोरक्षा जैसे पुनीत कार्यों को आगे बढ़कर करने की आवश्यकता है। साथ ही मानव जीवन में त्याग, सेवा और धर्म के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कथा के दौरान प्रस्तुत मधुर भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे।

क्षेत्रवासियों का मिल रहा भरपूर सहयोग

यज्ञ के मुख्य प्रेरक महामंडलेश्वर बाल योगी रामकृष्ण दास महाराज ने बताया कि धार्मिक महा आयोजन में क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में भाग लेकर सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने आगामी दिनों में भी अधिकाधिक श्रद्धालुओं से यज्ञ,कथा और रासलीला में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की।

प्रतिदिन रहेगा यह कार्यक्रम

आयोजन समिति के अनुसार धार्मिक आयोजन के तहत प्रतिदिन सुबह 9 बजे नवग्रह एवं नित्य यज्ञ, दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक भागवत भक्तमाल कथा तथा रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक भव्य रासलीला का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार नौ दिवसीय धार्मिक महोत्सव के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु यज्ञ, कथा और रासलीला में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में इन दिनों भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here