जिम ट्रेनर ने फंदा लगाकर की आत्महत्या

0
36
Young man commits suicide by hanging himself in hotel
Young man commits suicide by hanging himself in hotel

जयपुर। अशोक नगर थाना क्षेत्र के सी-स्कीम में एक बीस वर्षीय जिम ट्रेनर ने कमरे में चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता तब चला,जब उसका रूम पार्टनर वापस लौटा और काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर मकान मालिक व पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

एएसआई राम कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के रतलाम निवासी हर्षित परमार (20) के रूप में हुई है। जो रमेश मार्ग सी-स्कीम स्थित एक कमरे में रूम पार्टनर के साथ किराए पर रहकर जिम ट्रेनिंग का काम करता था।

एएसआई के अनुसार घटना के दौरान हर्षित मकान मालिक से टिफिन लेकर अपने कमरे में चला गया था। उसी दौरान उसका रूम पार्टनर किसी काम से अजमेर गया हुआ था। इस दौरान हर्षित ने कमरे में चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रूम पार्टनर के वापस लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला।

काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसने मकान मालिक और पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा। अंदर जाकर देखा तो हर्षित फंदे से लटका हुआ था।

सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाकर पोस्टमॉर्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस ने बताया कि मौके से किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल मर्ग दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here