किराये की लग्जरी गाड़ियां हड़पने वाला एक साल से फरार ठग गिरफ्तार

0
161
Two notorious criminals arrested along with gamblers.
Two notorious criminals arrested along with gamblers.

जयपुर। जालूपुरा थाना पुलिस ने किराये पर लग्जरी वाहन लेकर उन्हें खुर्द-बुर्द करने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब एक वर्ष से फरार चल रहा था और पहचान छिपाकर पुलिस से बच रहा था। पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि आरोपी रविन्द्र छरंग उर्फ रवि चौधरी (32) निवासी गोलियासनी (नागौर) को जयपुर और नागौर में दबिश देकर गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी किराये पर वाहन उपलब्ध कराने वालों के पास ग्राहक बनकर जाता था और धोखाधड़ी की नीयत से लग्जरी गाड़ियां रेंट पर लेकर तय समय पर वापस नहीं करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 में जोधपुर के बिलाड़ा थाने में मारपीट, छेड़छाड़ और एससी-एसटी एक्ट तथा वर्ष 2026 में अजमेर के क्रिश्चियन गंज थाने में भी मामला दर्ज है।

थानाधिकारी सुनील गोदारा के अनुसार परिवादी सुनील सिंह राठौड़ ने न्यायालय के इस्तगासे के माध्यम से 25 सितंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी स्कॉर्पियो कार संसार चंद्र रोड स्थित ‘राजस्थान बाइकर्स’ को किराये पर चलाने और बेचने के लिए दी थी। बाद में सिद्धार्थ मित्तल और रवि प्रकाश महावर ने वाहन किराये पर लेकर उसे गायब कर दिया।

मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस की गठित टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर पहले मुख्य आरोपी संतोष कुमार उर्फ राजेश कुमार सांखला को गिरफ्तार कर स्कॉर्पियो कार बरामद कर ली थी। अब लंबे समय से फरार चल रहे दूसरे आरोपी रविन्द्र छरंग को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार, कांस्टेबल नीरज और सतवीर की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here