जयपुर। अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत राजस्थान पुलिस का प्रदेशव्यापी विशेष अभियान जारी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा और पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर 20 जुलाई से 20 अगस्त तक चलाए जा रहे इस एक माह के अभियान में पहले दो दिनों में ही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1259 हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की है। अभियान के तहत प्रदेशभर में हार्डकोर अपराधियों, मादक पदार्थ तस्करों, साइबर अपराधियों, अवैध हथियार रखने वालों और यातायात नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा कसा गया है।
राजस्थान पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 220 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 221 आरोपियों को गिरफ्तार किया। बीकानेर रेंज में कार्रवाई के दौरान 1.700 किलो 67 मिलीग्राम हेरोइन, 2.805 किलो गांजा, 4 किलो डोडा पोस्त, 60.48 मिलीग्राम एमडी सहित अन्य मादक पदार्थ जब्त किए गए। इसके अलावा 1065 फार्मा ड्रग्स टेबलेट, 398.69 ग्राम चिट्टा और 60.095 किलो पोस्त भी बरामद किया गया।
अभियान में साइबर अपराध के 52 मामलों में कार्रवाई करते हुए 111 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने साइबर अपराधियों से 1 करोड़ 41 लाख 89 हजार 442 रुपए बरामद किए, जबकि 11 लाख 25 हजार 197 रुपए पीड़ितों को वापस दिलाए गए।
वहीं अवैध हथियारों से जुड़े 45 मामलों में कार्रवाई की गई और अवैध खनन के 75 प्रकरण दर्ज किए गए।
राज्यभर में नाकाबंदी कर 80 हजार 264 वाहनों की जांच की गई। मोटर वाहन अधिनियम के तहत 24 हजार 816 कार्रवाई की गई। इनमें शराब पीकर वाहन चलाने वाले 1603, बिना हेलमेट 26 हजार 274, बिना सीट बेल्ट 1637, काली फिल्म लगाने वाले 1457 और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ 5580 कार्रवाई शामिल हैं।
महिला सुरक्षा से जुड़े 403 मामलों में कार्रवाई की गई तथा 642 स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाए गए। पुलिस ने आमजन से संवाद बढ़ाने के लिए प्रदेशभर में 1685 कम्युनिटी लाइजन ग्रुप (सीएलजी) बैठकों का आयोजन किया।
अभियान में जयपुर रेंज ने 247 हार्डकोर अपराधियों की पहचान और 4958 एमवी एक्ट कार्रवाई के साथ बेहतर प्रदर्शन किया। बीकानेर रेंज ने 81 एनडीपीएस मामलों में सबसे प्रभावी कार्रवाई की। जोधपुर रेंज ने 186 हार्डकोर अपराधियों पर कार्रवाई की।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस संगठित अपराध, नशा तस्करी, साइबर अपराध और महिला अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।



















