बीटी रोड ग्राउंड में 27 जुलाई को होगा गो सम्मान जनसमागम

0
52
Go Samman Jansamagam to be held at BT Road Ground on July 27.
Go Samman Jansamagam to be held at BT Road Ground on July 27.

जयपुर। संत-महात्माओं के मार्गदर्शन में संचालित ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत 27 जुलाई को बीटी रोड ग्राउंड में आयोजित होने वाले विशाल जनसमागम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को श्री बंगाली बाबा की बगीची, रामगढ़ मोड़ में सर्व समाज हिन्दू महासभा के बैनर तले बैठक आयोजित की गई। बैठक में करीब 500 से 700 धर्मप्रेमी, गौभक्त और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

बैठक में सर्व समाज हिन्दू महासभा के संस्थापक चंद्र प्रकाश भाड़ेवाला के साथ श्री श्री 1008 हरिशंकर दास वेदांती, स्वामी अनंत देवाचार्य, अमरापुर स्थान के नवीन सैनी, श्री धर्मनाथ भैरव, पीठ परिषद आदित्य वाहिनी के गोपाल शर्मा सहित कई संत-महात्मा मौजूद रहे। मंच पर बजरंग दल एवं विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत सह संयोजक सुमित खंडेलवाल भी उपस्थित रहे। सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से उपमहापौर पुनीत कर्णावत, पूर्व पार्षद विमल अग्रवाल तथा अजय यादव ने भी सहभागिता निभाई।

बैठक को संबोधित करते हुए सियाराम दास जी ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और ग्राम्य जीवन की आधारशिला हैं। उन्होंने गौ संरक्षण, गौसेवा और गौसम्मान को प्रत्येक सनातनी का कर्तव्य बताते हुए समाज को संगठित होकर राष्ट्रहित एवं धर्महित में कार्य करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि गौसंरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और पर्यावरणीय दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए समाज के प्रत्येक वर्ग को इस जन-जागरण अभियान से जुड़कर गौसेवा और गौसंरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ानी चाहिए।

बैठक में संत-महात्माओं ने उपस्थित सभी लोगों को संकल्प दिलाया कि 27 जुलाई को बीटी रोड ग्राउंड में आयोजित होने वाले विशाल कार्यक्रम में प्रत्येक व्यक्ति कम से कम 50 अन्य लोगों को साथ लेकर पहुंचे, ताकि गो सम्मान और गौसंरक्षण का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

कार्यक्रम का संचालन मनीष देवाचार्य और सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश गर्ग ने किया। अंत में संस्थापक चंद्र प्रकाश भाड़ेवाला ने संत-महात्माओं, अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए 27 जुलाई के जनसमागम में अधिकाधिक संख्या में भागीदारी की अपील की। बैठक के बाद सभी श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here