जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले के चंदवाजी थाना इलाके स्थित एक निजी अस्पताल में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता पर अपनी ही नवजात बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चंदवाजी थाना प्रभारी राजवीर सिंह के अनुसार पीड़ित महिला ने मंगलवार को ऑपरेशन के जरिए एक बच्ची को जन्म दिया। यह परिवार की लगातार तीसरी बेटी थी। आरोप है कि तीसरी बार भी बेटी होने से नाराज पिता ने आपा खो दिया और नवजात की हत्या कर दी। आरोपी की पहचान नीमराना निवासी रवि कुमार के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अस्पताल परिसर और वार्डों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटनाक्रम की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सके।
पुलिस ने अस्पताल के डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं नवजात की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है। जांच में जुटी टीम सभी साक्ष्य एकत्रित कर रही है, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हृदय विदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। बेटी के जन्म पर इस तरह की कथित क्रूरता को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

















