जयपुर। खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष ‘एरिया डोमिनेशन अभियान’ के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हानिकारक वस्तुओं के 40 अवैध गोदाम सील कर दिए। इसके साथ ही एक स्मैक तस्कर, तीन अवैध शराब तस्करों और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने स्मैक, नकदी, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और बड़ी मात्रा में अवैध देशी शराब भी जब्त की है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि 9 जून 2026 को करीम नगर-बी स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण अग्निकांड में आठ लोगों की मौत के बाद क्षेत्र में अवैध गोदामों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान प्लास्टिक, फाइबर, रुई सहित अन्य ज्वलनशील एवं हानिकारक वस्तुओं के 40 अवैध निर्माण एवं भंडारण गोदामों को सील किया गया। गोदाम संचालकों के खिलाफ धारा 152 बीएनएसएस (पूर्व धारा 133 सीआरपीसी) के तहत कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) के समक्ष इस्तगासे भी पेश किए गए हैं।
जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बाबा बालकनाथ आश्रम के पीछे चलाए गए सर्च अभियान में पुलिस ने सलमान (32) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 7.18 ग्राम स्मैक, 29,300 रुपए नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और स्मैक की पैकिंग में प्रयुक्त पेपर टोकन बरामद किए गए। इस संबंध में थाना खोह नागोरियान में प्रकरण संख्या 427/2026 दर्ज कर उससे मादक पदार्थों की सप्लाई चेन और अन्य तस्करों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में स्पेशल टीम के कांस्टेबल धीरज और बजरंग की विशेष भूमिका रही।
अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पुलिस ने अवैध देशी शराब बेचने के आरोप में तारा देवी (35), महावीर (50) और सुनीता सांसी (35) को गिरफ्तार किया। तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
पुलिस ने अभियान के दौरान ध्वनि प्रदूषण फैलाने के मामले में कमलेश नामक आरोपी को भी गिरफ्तार कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की है।



















