गणेश चतुर्थी पर सिद्धिविनायक का पंचामृत अभिषेक

0
27

जयपुर। गणेश चतुर्थी महोत्सव के अवसर पर सोमवार को कनक घाटी स्थित ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देवजी महाराज के अंतर्गत मातहत प्राचीन मंदिर श्री सिद्धि विनायक गणेश जी में धार्मिक आयोजन हुए। भक्ति भाव और हर्षोल्लास के बीच सिद्धि विनायक गणेश जी महाराज का पंचामृत अभिषेक कर विशेष श्रृंगार किया गया।

महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में प्रात: गणेश जी महाराज का पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद गजानन महाराज को नवीन पोशाक और विशेष माला धारण कराई गई। भगवान को पांच तरह के मोदक, पांच प्रकार के फल और गुड़ का विशेष भोग अर्पित किया गया। गणेश चतुर्थी को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक बंदरवाल (तोरण) और विशेष रोशनी से सजाया गया।

इधर जयनिवास बाग स्थित मुख्य ठिकाना मंदिर में भी गणेश चतुर्थी के अवसर पर ठाकुर गोविंद देवजी महाराज का विशेष अलंकार शृंगार किया गया। प्रातः: मंगला आरती के बाद ठाकुर जी का पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद उन्हें नवीन मनमोहक केसरिया रंग की पोशाक धारण कराई गई और विशेष अलंकार शृंगार किया गया। प्रभु को विशेष भोग भी अर्पित किया गया।

मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर परिसर जयकारों से गुंजायमान रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here