जयपुर। रामनगरिया थाना इलाके में अक्षय पात्र चौराहे के पास सोमवार सुबह बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम बूथ से बैंक कर्मियों से 42 लाख रुपए लूटने की वारदात से हड़कंप मच गया। बैंक के तीन कर्मचारी—दो महिलाएं और एक पुरुष—एटीएम बूथ में लगी कैश डिपॉजिट मशीन से नकदी निकालकर बैंक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हेलमेट पहने दो बदमाश पिस्तौल दिखाकर उनसे रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। वारदात सुबह करीब 10:41 से 10:42 बजे के बीच की बताई जा रही है।
रामनगरिया थानाधिकारी अनिल कुमार टेलर के अनुसार बैंक कर्मी तीन दिन के अवकाश के बाद सोमवार को बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम की डिपॉजिट मशीन में जमा नकदी लेने पहुंचे थे। तीनों ने करीब 42 लाख रुपए काले बैग में रखे और एटीएम बूथ से निकलकर पास स्थित बैंक की बिल्डिंग की ओर जाने लगे।
इसी दौरान कुछ दूरी पर पावर बाइक खड़ी कर हेलमेट लगाए दो बदमाश तेजी से पैदल एटीएम बूथ तक आए। बदमाशों ने बैंककर्मियों को पिस्तौल दिखाकर धमकाया और धक्का-मुक्की करते हुए रुपयों से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद दोनों पैदल भागे और कुछ दूरी पर खड़ी पावर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। बैंक कर्मियों और आसपास मौजूद लोगों ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए।
वहीं पूरी वारदात बैंक और एटीएम बूथ के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में दोनों बदमाश हेलमेट पहने पैदल बूथ की तरफ आते और वारदात के बाद बैग लेकर भागते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों के आने-जाने के रूट और उनकी पहचान का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने वारदात से पहले रेकी की थी। उन्हें जानकारी थी कि बैंक के कर्मचारी डिपॉजिट मशीन से नकदी निकालकर बैंक ले जाते हैं। पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है कि बदमाशों को बैंककर्मियों के नकदी निकालने के समय की जानकारी कैसे मिली। निकाय चुनाव की मतगणना और गणेश चतुर्थी के दौरान शहर में पुलिस की व्यस्तता को भी बदमाशों ने वारदात के लिए मुफीद समय माना होने की आशंका जताई जा रही है।
इधर लूट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक कर्मियों से घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने शहरभर में नाकाबंदी करवाई, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। तकनीकी और साइबर टीम की मदद से सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस बैंक स्टाफ, एटीएम से नकदी निकालने वाले कर्मचारियों और कैशियर से भी पूछताछ कर रही है। बैंक और एटीएम बूथ पास-पास होने के कारण पुलिस आसपास के सभी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बाइक और बदमाशों के हुलिए के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है।



















