जयपुर। दिल्ली रोड स्थित बंगाली बाबा गणेश मंदिर में सोमवार को दो दिवसीय गणेश चतुर्थी महोत्सव धूमधाम और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गणेश जी महाराज का अभिषेक, विशेष श्रृंगार, लड्डुओं की झांकी, महाआरती, बैंड वादन और भजन संध्या सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। सुबह से देर रात तक गणेशजी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र प्रथम पूज्य के जयकारों से गुंजायमान रहा।
मंदिर प्रबंध समिति के मुख्य संरक्षक रघुवीर शरण अग्रवाल, अध्यक्ष नारायण लाल अग्रवाल और उपाध्यक्ष संजय पतंगवाला ने बताया कि गणेश चतुर्थी के अवसर पर सुबह गणेशजी को मोदक अर्पित किए गए। इसके बाद दोपहर में महाआरती और बैंड वादन हुआ। भगवान गणेश को नई पोशाक धारण कराकर आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंदिर में लड्डुओं की विशेष झांकी सजाई गई, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही।
महामंत्री गणेश लूनीवाल और कोषाध्यक्ष विष्णु अग्रवाल ने बताया कि शाम को भजन संध्या का आयोजन किया गया। स्थानीय कलाकारों ने ‘गाइये गणपति’ और ‘जय बोलो गणेश जी महाराज की’ सहित विभिन्न भजनों की प्रस्तुतियां देकर माहौल भक्तिमय कर दिया। श्रद्धालुओं ने भजनों पर भक्तिभाव से भाग लिया।
गणेश चतुर्थी महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को 2500 किलो लड्डुओं की प्रसादी वितरित की गई। लड्डुओं की प्रसादी तैयार करने में 1000 किलो चीनी, 400 किलो घी और 400 किलो बेसन का उपयोग किया गया। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गणेशजी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।



















