जयपुर। जवाहर नगर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग ने अपनी बहू पर पत्नी के बैंक लॉकर से सोने के गहने और तीन सोने के बिस्किट गायब करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि बहू से गहनों के बारे में पूछने पर उसने सास-ससुर से अभद्रता की और दहेज के मामले में फंसाने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार जवाहर नगर निवासी बुजुर्ग ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनकी पत्नी ने पंजाब नेशनल बैंक में लॉकर ले रखा है। इसमें पत्नी ने अपने सोने के गहने और तीन सोने के बिस्किट सुरक्षित रखे थे। शिकायत में बताया कि पिछले कुछ महीनों से बहू भी बैंक लॉकर से लेन-देन कर रही थी।
परिवादी के मुताबिक उन्होंने काफी समय से लॉकर की जांच नहीं की थी।
कुछ दिन पहले जब वे लॉकर संभालने बैंक पहुंचे तो उसमें रखे सोने के गहने और तीनों बिस्किट गायब मिले। इस संबंध में बहू से पूछताछ की तो वह नाराज हो गई। आरोप है कि उसने लॉकर में गहने और बिस्किट रखे होने से ही इनकार कर दिया और उल्टा सास-ससुर पर झूठा आरोप लगाने की बात कहते हुए दहेज के मामले में फंसाने की धमकी दी।
इसके बाद बुजुर्ग ने थाने में बहू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

















