एक दिन में 7 हजार टन कचरा उठाकर निगम ने बनाया नया रिकॉर्ड

0
39

जयपुर। दीपावली के अवसर पर जयपुर नगर निगम की ओर से आयोजित ‘सफाई सेवा मैराथन-2.0’ के तहत शहर में एक दिन में 7 हजार टन कचरा उठाकर नया रिकॉर्ड बनाया गया। इससे पहले आयोजित सफाई सेवा मैराथन में एक दिन में 6 हजार टन कचरा उठाया गया था। इस बार निगम ने अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ते हुए सुबह 7 बजे से शुरू हुआ सफाई अभियान देर रात तक जारी रखा। शाम 7 बजे तक ही शहर से 7 हजार टन कचरा उठाया जा चुका था।

महापौर सुनील कोठारी और निगम आयुक्त ओम कसेरा की पहल पर चलाए गए इस विशेष वार्डवार अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ 9 हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारी जुटे। सामान्य पारी के अतिरिक्त सुबह से शाम तक सफाईकर्मियों की टीमें मैदान में रहीं। अभियान के लिए सभी वार्डों में व्यापक स्तर पर सफाई संसाधन तैनात किए गए।

अभियान के दौरान शहर के 1000 से अधिक गार्बेज पॉइंट्स और 100 से अधिक खुले कचरा डिपो हटाए गए। कचरे के त्वरित निस्तारण के लिए 10 ट्रांसफर स्टेशनों के माध्यम से कचरा उसी दिन प्रोसेसिंग प्लांट तक पहुंचाया गया। इसके लिए 1100 हूपर, 102 जेसीबी एवं लोड यूनिट, 117 डंपर व ट्रक तथा 177 ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अन्य आधुनिक संसाधनों का उपयोग किया गया। इनकी मदद से प्रमुख मार्गों, चौराहों, फुटपाथ, सर्विस रोड और सार्वजनिक स्थलों पर जमा कचरे का उठाव किया गया।

इस अभियान की निगरानी महापौर सुनील कोठारी, अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार बंसल, सभी जोन उपायुक्तों और उपायुक्त स्वास्थ्य ने फील्ड में रहकर की। अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे सफाई कार्यों का निरीक्षण किया और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की। हूपरों के माध्यम से एकत्रित कचरे को ट्रांसफर स्टेशनों तक पहुंचाकर प्रोसेसिंग साइट पर भेजा गया, ताकि शहर में कचरे का जमाव नहीं रहे।

सफाई अभियान के साथ पशु प्रबंधन शाखा ने भी कार्रवाई की। प्रमुख मार्गों और सड़कों से 50 से अधिक निराश्रित पशुओं को पकड़कर हिंगोनिया गौशाला भिजवाया गया। वहीं, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी की ओर से सभी वार्डों में फॉगिंग भी करवाई गई, ताकि मच्छरों की रोकथाम के साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

महापौर सुनील कोठारी ने शहरवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि जिस तरह लोग त्योहार पर अपने घरों की सफाई करते हैं, उसी तरह शहर को भी स्वच्छ रखने में अपनी भागीदारी निभाएं। खुले में कचरा नहीं डालें और कचरे को निर्धारित स्थानों पर ही डालें। अभियान के दौरान आमजन ने भी निगम की पहल की सराहना करते हुए स्वच्छता अभियान में भागीदारी निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here