जयपुर। रमा एकादशी पर शहर के श्याम मंदिरों में भक्ति और आस्था की ज्योत जली। गलता गेट स्थित गीता गायत्री श्याम मंदिर में पं. राजकुमार चतुर्वेदी के सान्निध्य में बाबा श्याम का फूलों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। वहीं, रामगंज बाजार के कांवटियों का खुर्रा स्थित प्राचीन मंदिर में महंत लोकेश मिश्रा के सान्निध्य में श्याम दरबार सजाया गया। यहां अखंड ज्योत प्रज्वलित कर भजन संध्या का आयोजन किया गया।
इधर मानसरोवर के अग्रवाल फार्म सेक्टर-113 स्थित श्याम पार्क एकादशी सत्संग स्थल पर ‘म्हारे घरा पधारो श्याम’ संस्था की ओर से भव्य भजन संध्या आयोजित की गई। इस मौके पर बाबा श्याम का आकर्षक दरबार सजाया गया। दीपोत्सव के तहत श्रद्धालुओं ने 1100 दीपकों से बाबा श्याम की महाआरती की और छप्पन भोग अर्पित किया। अखंड ज्योत प्रज्वलित कर भजन संध्या का शुभारंभ हुआ।
संस्था अध्यक्ष रतन कट्टा ने बताया कि भजन संध्या में भजन गायक संजय सेन (सूरजगढ़), कुमार नरेंद्र, अंतरराष्ट्रीय कलाकार गोपाल सेन, सागर शर्मा और नवीन शर्मा ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे और पूरा परिसर श्याममय हो गया।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं के लिए लकी ड्रॉ भी आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न उपहार वितरित किए गए। समापन पर बाबा श्याम की आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने आतिशबाजी कर दीपावली का पर्व हर्षोल्लास से मनाया।

















