रोडवेज के 9400 कर्मचारियों को दिवाली पर मिलेगा बोनस और एक्सग्रेशिया

0
11

जयपुर। राजस्थान रोडवेज के करीब 9400 कर्मचारियों को दीपावली पर बोनस और एक्सग्रेशिया मिलेगा। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (आरएसआरटीसी) के चेयरमैन ने इसके भुगतान को मंजूरी दे दी है। इसके तहत 21 हजार रुपए तक मासिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों को बोनस और इससे अधिक वेतन पाने वालों को एक्सग्रेशिया दिया जाएगा। पिछले तीन साल से निगम कर्मचारियों को दीपावली पर एक्सग्रेशिया नहीं मिला था।

रोडवेज कर्मचारी संगठनों की ओर से लंबे समय से बोनस और एक्सग्रेशिया देने की मांग की जा रही थी। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को ज्ञापन देकर बताया गया था कि निगम की स्थापना से पूर्व के वर्षों तक राज्य सरकार के आदेशानुसार कर्मचारियों को इसका भुगतान होता रहा है, लेकिन घाटे का हवाला देकर तीन साल से भुगतान रोक दिया गया था। कर्मचारी संगठनों ने निगम की संचालन लागत में 600 से 700 करोड़ रुपए की कमी आने और आर्थिक स्थिति में सुधार का हवाला देते हुए भुगतान की मांग की थी।

आदेश के अनुसार बोनस और एक्सग्रेशिया की 75 प्रतिशत राशि नकद दी जाएगी, जबकि शेष 25 प्रतिशत कर्मचारियों के खाते में जमा होगी। आरएसआरटीसी कर्मचारी जीपीएफ विनियम 1989 के नियम 8 के तहत आने वाले कर्मचारियों की राशि जीपीएफ खाते में और नियम 8ए के कर्मचारियों की राशि जीपीएफ-एसएबी खाते में जमा होगी। इन दोनों श्रेणियों में नहीं आने वाले कर्मचारियों को पूरी राशि नकद दी जाएगी।

राजस्थान परिवहन निगम संयुक्त कर्मचारी फेडरेशन भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि कर्मचारी संगठन लंबे समय से बोनस की मांग कर रहे थे। सरकार ने मांग स्वीकार कर कर्मचारियों को राहत दी है। उन्होंने इसके लिए राज्य सरकार का आभार जताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here