जयपुर। पंचायत चुनावों के मद्देनजर अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सांगानेर सदर थाना पुलिस ने शिकारपुरा इलाके में कार्रवाई कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध शराब की 14 पेटियां और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही अल्टो कार जब्त की है।
डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज के निर्देश पर अवैध शराब की तस्करी पर निगरानी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत सांगानेर सदर थाना पुलिस ने शिकारपुरा इलाके में संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। कार में अवैध शराब की 14 पेटियां मिलीं।
पुलिस ने मौके से सुरेश बंजारा (20) पुत्र जियाराम बंजारा निवासी झुग्गी-झोपड़ी, विष्णु विहार कॉलोनी, कोकावास, सांगानेर सदर को गिरफ्तार किया। शराब और अल्टो कार जब्त कर ली गई है। पुलिस से पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी शराब कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

















