जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए निकाली पैदल यात्रा : खाचरियावास

0
37
Government Failed to Prevent Paper Leaks: Pratap Singh Khachariyawas
Government Failed to Prevent Paper Leaks: Pratap Singh Khachariyawas

जयपुर। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने भाजपा सरकार की ओर से जयपुर में निकाली गई ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पैदल यात्रा पर निशाना साधते हुए इसे पूरी तरह फ्लॉप बताया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के राजनीतिक दिखावे की पोल खुल गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उनके मंत्री और पूरी सरकार मिलकर भी यात्रा में जनता की भीड़ नहीं जुटा पाए।

खाचरियावास ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है और मुख्यमंत्री के पास सत्ता के साथ पुलिस व प्रशासन का भी नियंत्रण है, इसके बावजूद उन्हें जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है। भाजपा खुद लोकतंत्र की हत्या करने का काम कर रही है और अब लोकतंत्र बचाने के नाम पर राजनीतिक नाटक कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का काम भाजपा कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई लगातार बढ़ रही है। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और उनके सपनों को कुचला जा रहा है, लेकिन सरकार को आमजन की समस्याओं की चिंता नहीं है। सरकार का पूरा ध्यान राजनीतिक दिखावे और सत्ता बचाने पर केंद्रित है।

खाचरियावास ने भाजपा शासन में भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के नेता, मंत्री और विधायक भ्रष्टाचार और लूट में लगे हैं। जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की यात्राएं निकाली जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार सड़कों पर उतरकर सरकार को आईना दिखा रहा है और लोकतंत्र व संविधान के खिलाफ नीतियां अपनाने पर चेतावनी दे रहा है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। भाजपा की यह पैदल यात्रा जनता के बीच बेअसर साबित हुई है। जनता अब राजनीतिक दिखावे में आने वाली नहीं है। उसे भाषण और नाटक नहीं, बल्कि रोजगार, महंगाई से राहत, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई और अपने अधिकारों की सुरक्षा चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here