कांवड़ यात्रा को लेकर राजस्थान पुलिस अलर्ट

0
61
Rajasthan Police on alert regarding Kanwar Yatra.
Rajasthan Police on alert regarding Kanwar Yatra.

जयपुर। हरिद्वार कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर राजस्थान पुलिस ने श्रद्धालुओं और पुलिस अधिकारियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) वी.के. सिंह ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों और पुलिस उपायुक्तों को यात्रा के दौरान सुरक्षा, समन्वय और यातायात प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

एडीजी वी.के. सिंह ने बताया कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक हरिद्वार से गंगाजल लेकर राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के श्रद्धालु अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगे। इसे देखते हुए पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने कांवड़ यात्रियों से यात्रा के दौरान आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र साथ रखने, केवल निर्धारित कांवड़ मार्गों का उपयोग करने, संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा सुरक्षा जांच में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने को कहा गया है।

गाइडलाइन के अनुसार कांवड़ यात्रा में हॉकी, डंडे, त्रिशूल, बेसबॉल बैट या अन्य हथियार, नशीले पदार्थ एवं शराब ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर कांवड़ियों का पैदल या वाहन से आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। मालवाहक वाहनों में यात्रियों के परिवहन, तेज आवाज वाले बिना अनुमति के डीजे, वाहनों में एलपीजी सिलेंडर ले जाने, वाहनों या ट्रेनों की छत पर यात्रा करने तथा मानक से बड़े आकार की कांवड़ या झांकियां निकालने पर भी रोक रहेगी।

फील्ड में तैनात पुलिस अधिकारियों के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। किसी भी विवाद की सूचना मिलने पर 10 मिनट के भीतर पुलिस रिस्पॉन्स, सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी, फर्जी वीडियो और अफवाहों का एक घंटे के भीतर खंडन, रूट डायवर्जन की जानकारी 48 घंटे पहले जारी करना, डीजे की पूर्व अनुमति और ऑडियो स्क्रीनिंग, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल एवं वीडियोग्राफी, सेवा शिविरों का व्यवस्थित संचालन तथा महिला कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर एंटी-सबोटाज जांच, प्रभावी नाकाबंदी, पड़ोसी राज्यों की पुलिस से समन्वय, श्रद्धालुओं के साथ सेवा भाव से व्यवहार तथा स्थानीय स्तर पर किसी भी विवाद का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी सभी जिला पुलिस अधिकारियों को दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here