जयपुर। मानसरोवर थाना पुलिस ने गुर्जर की थड़ी स्थित शांति नगर में मामूली विवाद के बाद मजदूर की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपियों की शुक्रवार को मौका परेड निकाली। पुलिस ने नाबालिग को छोड़कर तीन आरोपियों को गुर्जर की थड़ी क्षेत्र के बाजार में पैदल घुमाया।
परेड के दौरान आरोपी मनीष सोलंकी (23) निवासी दिल्ली, रमजान अली (19) निवासी अजमेर और रोहित यादव (19) निवासी खैरथल-तिजारा लंगड़ाते हुए नजर आए। पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम शांति नगर में अंडों से भरी ट्रे लेकर जा रहे एक पक्ष का दूसरे पक्ष से टकराव हो गया, जिससे अंडे गिर गए।
कहासुनी के बाद विवाद हिंसक हो गया और कुछ युवक लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे तथा मजदूरों पर हमला कर दिया। हमले में मध्यप्रदेश के श्योपुर निवासी मजदूर बलवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दो साथी भी घायल हुए। तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान बलवीर की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी खुलेआम लाठी-डंडों से लोगों पर हमला कर रहे थे। घटना के दौरान आसपास पताशी और पूड़ी-सब्जी के ठेलों पर भीड़ मौजूद थी। स्थानीय निवासी मुकेश सिंह शेखावत ने आरोप लगाया कि आरोपी मारपीट के साथ घटना की वीडियो भी बना रहे थे, जबकि कई लोग भी मोबाइल से रिकॉर्डिंग करते रहे। उन्होंने बताया कि पुलिस को तीन बार सूचना दी गई, लेकिन पुलिस करीब 10 मिनट बाद मौके पर पहुंची।
मृतक के भाई की रिपोर्ट पर मानसरोवर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज ने लोगों से अपील की है कि किसी भी हादसे या अपराध की स्थिति में वीडियो या रील बनाने के बजाय पहले घायल की मदद करें और तत्काल पुलिस को सूचना दें, क्योंकि समय पर मिली सहायता किसी की जान बचा सकती है।



















