जयपुर। सेज थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एमडी (मैफेड्रोन) ड्रग्स की सप्लाई करने वाले एक शातिर और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने मकान के पीछे बनी खिड़की (रोशनदान) से रस्सी लटकाकर ग्राहकों तक एमडी ड्रग्स पहुंचाता था, ताकि पुलिस और स्थानीय लोगों की नजर से बचा जा सके। पुलिस आरोपी से उसके पूरे नेटवर्क और ड्रग्स के मुख्य सप्लायरों के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि शहर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 13 अप्रैल 2026 को बगरू थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अभिषेक मुंडोतिया को गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई के दौरान अभिषेक ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से एमडी ड्रग्स का पैकेट निगल लिया था, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
अभिषेक के स्वस्थ होने के बाद एनडीपीएस एक्ट के दर्ज प्रकरण की जांच सेज थाना प्रभारी उदय सिंह शेखावत को सौंपी गई। पूछताछ में दहमी कलां (बगरू) निवासी हेमराज कुमावत उर्फ पंछी का नाम सामने आया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार किया। हेमराज से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसे एमडी ड्रग्स की सप्लाई मूल रूप से बाड़मेर निवासी जगदीश विश्नोई करता था।
वहीं इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सेज थाना प्रभारी उदय सिंह शेखावत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार तथा कांस्टेबल राजेंद्र और वीरेंद्र शामिल रहे।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी जगदीश विश्नोई (34) निवासी सेड़वा (बाड़मेर) हाल निवासी करणी विहार जयपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपने मकान के पीछे बनी खिड़की या रोशनदान से रस्सी के सहारे एमडी ड्रग्स की पुड़िया नीचे पहुंचाकर ग्राहकों को सप्लाई करता था। इस तरीके से वह सीधे संपर्क से बचते हुए लंबे समय से अवैध कारोबार चला रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी जगदीश विश्नोई शातिर और आदतन अपराधी है।
उसके खिलाफ करणी विहार थाना में मैफेड्रोन (एमडी) की तस्करी के तीन मामले, गबन का एक मामला तथा नशीले पदार्थ का सेवन कर राजकार्य में बाधा पहुंचाने का एक मामला दर्ज है। इसके अलावा मुंद्रा थाना (कच्छ, गुजरात) में भी गबन का एक प्रकरण दर्ज है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके पूरे ड्रग्स नेटवर्क, सप्लाई चेन तथा अन्य तस्करों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।



















