जेईएन भर्ती-2021 पेपर लीक मामला: जल संसाधन विभाग का जेईएन गिरफ्तार

0
42

जयपुर। राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) संयुक्त भर्ती परीक्षा-2021 के प्रश्न-पत्र लीक मामले में कार्रवाई करते हुए 25 लाख रुपए में सॉल्व्ड पेपर खरीदकर परीक्षा पास करने वाले आरोपी अतुल मीणा को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्तमान में कोटा उपखंड के जल संसाधन विभाग में कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) के पद पर कार्यरत है। अदालत ने उसे 5 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेजा है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि जेईएन संयुक्त भर्ती परीक्षा-2020 के प्रश्न-पत्र लीक होने के मामले में सांगानेर थाने में दर्ज एफआईआर के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इसके बाद 12 सितंबर 2021 को पुनः आयोजित जेईएन (सिविल डिग्री) संयुक्त भर्ती परीक्षा का प्रश्न-पत्र भी परीक्षा से पहले ही लीक होकर पेपर माफिया तक पहुंच गया था। इस संबंध में 19 जनवरी 2026 को एसओजी थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी हर्षवर्धन कुमार मीणा उर्फ पटवारी से पूछताछ में खुलासा हुआ था कि उसने कई अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले हल प्रश्न-पत्र उपलब्ध कराया था। इसी कड़ी में सामने आया कि अतुल मीणा (31) पुत्र रमेश चंद मीणा निवासी महुवा (दौसा) ने हर्षवर्धन के एक निकट संबंधी के माध्यम से 25 लाख रुपए देकर लीक प्रश्न-पत्र खरीदने का सौदा किया था।

एसओजी ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि अतुल मीणा ने लगभग एक दर्जन अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी हिस्सा लिया था, लेकिन उसे किसी अन्य परीक्षा में सफलता नहीं मिली। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि जेईएन भर्ती में उसकी सफलता पेपर लीक के जरिए ही मिली।

एसओजी अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ के दौरान पेपर लीक सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों, बिचौलियों तथा अवैध तरीके से लाभ उठाने वाले अन्य अभ्यर्थियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है। एसओजी का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक से जुड़े पूरे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here