जयपुर। जयपुर पूर्व पुलिस कमिश्नरेट ने क्षेत्र को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाने की दिशा में नई पहल करते हुए आमजन के लिए वॉट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 9530425862 जारी किया है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिक अपने आसपास होने वाली आपराधिक गतिविधियों की सूचना सीधे पुलिस तक पहुंचा सकेंगे।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व ने बताया कि इस नंबर पर नशा एवं मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब का निर्माण, परिवहन एवं बिक्री, जुआ-सट्टा, गुंडागर्दी, असामाजिक तत्वों की गतिविधियां तथा अवैध हथियारों के निर्माण, खरीद-फरोख्त और उपयोग जैसी अवैध गतिविधियों की जानकारी दी जा सकती है।
उन्होंने बताया कि आमजन इस वॉट्सऐप नंबर पर आपराधिक गतिविधियों से संबंधित फोटो, वीडियो, लोकेशन और अन्य उपलब्ध साक्ष्य भी साझा कर सकते हैं। इस हेल्पलाइन की मॉनिटरिंग सीधे पुलिस उपायुक्त कार्यालय, जयपुर पूर्व द्वारा की जाएगी।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। प्राप्त प्रत्येक सूचना का गंभीरता से सत्यापन कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए अपने क्षेत्र में होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाकर सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।



















