जयपुर। दुर्गा शक्ति ग्रुप की ओर से श्रावण मास के अवसर पर आयोजित लहरिया उत्सव में राजस्थानी संस्कृति, परंपरा और नारी शक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। रंग-बिरंगे लहरिया परिधानों से सजी महिलाओं ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। आयोजन में जयपुर शहर की पूर्व महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम में डॉ. सौम्या गुर्जर ने महिलाओं के साथ ‘शक्ति संवाद’ किया। उन्होंने कहा कि श्रावण मास और लहरिया राजस्थान की संस्कृति, आस्था और नारी सम्मान के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने महिलाओं से सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। साथ ही महिलाओं को ‘शक्ति वंदन’ अभियान से जुड़कर सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।
दुर्गा शक्ति ग्रुप की संयोजक मीनाक्षी अग्रवाल ने बताया कि लहरिया उत्सव के दौरान बेस्ट लहरिया क्वीन, बेस्ट राजस्थानी डांसर, बेस्ट लहरिया सतरंगी चूड़ी, बेस्ट रैम्प वॉक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके अलावा हाउसी गेम भी कराए गए। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रावण मास की परंपराओं को जीवंत किया। लहरिया परिधानों और राजस्थानी आभूषणों से सजी महिलाओं ने आयोजन को आकर्षक बना दिया।
इस अवसर पर दुर्गा शक्ति ग्रुप की ओर से डॉ. सौम्या गुर्जर का अभिनंदन किया गया। ग्रुप पदाधिकारियों ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ‘शक्ति वंदन’ अभियान महिलाओं को जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम में रुचिका अग्रवाल, दीपाली अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।



















